नया साल, नए वादे

नया साल, नए वादे

नया वर्ष दस्तक दे चुका है और अपने साथ लाया है नई उम्मीदें, नए सपने और ढेर सारी खुशियां। बीते वर्ष की खट्टी-मीठी यादों के साथ नए वर्ष के स्वागत में पलक-पांवड़े बिछाए बैठे हमारे फिल्मी सितारों का इंतजार अब खत्म हो गया है। वे भी जुट गए हैं नए वर्ष के स्वागत में। आंखों में नूतन सपने लिए रुपहले पर्दे के रोशन सितारों ने स्वयं कुछ नए संकल्प लिए हैं समाज और देश केलिए। उनकी कामना है कि वे भी अपने सार्थक सहयोग से देश, समाज और परिवार के लिए खुशियों की बहार लाएं। आइए रूबरू होते हैं, नए वर्ष में सितारों के नए संकल्प से..

आमिर खान: मैं दर्शकों के मिल रहे अत्यधिक प्यार से अभिभूत हूं। उन्होंने मेरी फिल्म के लिए जो विश्वास दिखाया है, वह मेरे लिए उत्साहव‌र्द्धक है। मेरा आत्मविश्वास पहले की अपेक्षा अधिक बढ़ गया है। मेरी जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। इस साल मैं अपने दर्शकों का और अधिक विश्वास जीतने की कोशिश करूंगा। उन्हें बेहतरीन मनोरंजक फिल्म दूंगा। मैं नए साल की शुरुआत राजकुमार हिरानी की फिल्म थ्री इडियट्स की शूटिंग से कर रहा हूं। यह फिल्म मेरे लिए बेहद खास है। इस साल के अंत तक मैं अपने निर्देशन में बनने वाली दूसरी फिल्म के बारे में भी विचार करूंगा।

कैटरीना कैफ: मेरे लिए बीता वर्ष खुशियों भरा रहा। उम्मीद करती हूं कि नया वर्ष भी ढेर सारी खुशियां लेकर आएगा। मेरी हिंदी को लेकर अक्सर लोग सवाल उठाते हैं। मुझे दुख होता है। इस साल मैं सबकी शिकायत दूर करने की कोशिश करूंगी। हालांकि मेरा हिंदी का उच्चारण पहले की अपेक्षा अब काफी अच्छा हो गया है। मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि यहां के लोगों ने मुझे इस कदर प्यार दिया और अपने सिर-आंखों पर बिठाया। मैं भविष्य में ऐसे ही अपने काम से सबका मनोरंजन करती रहूंगी।

अनुष्का शर्मा: मेरे लिए बीता साल बेहद स्पेशल रहा। रब ने बना दी जोड़ी की तानी के रूप में मुझे लोगों से ढेर सारा प्यार मिला। एक नया मोड़ आया मेरे जीवन में। अब मैं एक साधारण लड़की से हिंदी फिल्मों की ऐक्ट्रेस बन गई हूं। नए साल का मेरा नया संकल्प मेरे नए फिल्मी करियर से ही जुड़ा है। मैंने संकल्प लिया है कि फिल्म मेकिंग की तकनीक को गहराई से सीखूंगी। इससे जुड़ी जानकारियां नहीं होने के कारण मुझे रब ने.. की शूटिंग के दौरान काफी परेशानी हुई। मेरे कारण प्रोडक्शन से जुड़े लोगों को तकलीफ हुई। अब, जब मैंने हिंदी फिल्मों में प्रवेश कर लिया है, तो चाहती हूं कि पूरी तरह ध्यान इसी ओर केंद्रित करूं।

अर्जुन रामपाल: मैं पिछले कई वर्षो से अपनी स्मोकिंग की आदत से परेशान हूं। इस साल मैं नए वर्ष पर खुद से वादा कर रहा हूं कि अब स्मोकिंग नहीं करूंगा। स्मोकिंग के कारण मेरी सेहत खराब हो गई है। साथ ही, दूसरों पर भी इसका असर पड़ता है। मेरे बच्चे हमेशा मुझसे स्मोकिंग छोड़ने के लिए कहते हैं। वे कहते हैं कि मैं प्रत्येक वर्ष ऐसा करने के लिए कहता हूं, लेकिन भूल जाता हूं। जानता हूं कि कई फैन्स मेरी इस आदत से नाराज होंगे। मैं वादा करता हूं कि इस साल स्मोकिंग पक्का छोड़ दूंगा।

फरहान अख्तर: मैं प्रतिदिन कार्य करने में विश्वास करता हूं। मेरे लिए हर दिन एक समान है। यही वजह है कि मैं नए वर्ष के अवसर पर कोई संकल्प नहीं ले रहा हूं। ऐसी बातों में मैं यकीन नहीं करता। बीते साल की तरह मैं इस साल भी सफलता की नई ऊंचाइयां छूने की कोशिश करूंगा। नई चुनौतियों को स्वीकार करूंगा और जी-जान से मेहनत करूंगा।

कोएना मित्रा: नए साल में नए संकल्प लेने में मेरा विश्वास नहीं है। जब भी मैंने नए साल पर संकल्प लिए हैं, वे किसी-न-किसी कारण पूरा नहीं हो पाया। चूंकि हर बार मेरा संकल्प टूटा है, इसलिए इस बार मैंने कोई नया संकल्प नहीं लिया है। मैं जीवन के हर पल को जीने वाली इनसान हूं। इस साल भी मेरी यही कोशिश होगी कि जो भी काम मेरे पास आए, उसे डेडिकेशन के साथ करूं। जीवन के हर पल को जीऊं।

राजीव खंडेलवाल: मुंबई में हुए आतंकी हमले के बाद से मैं बहुत दुखी हूं। इस साल मैं नए वर्ष के उपलक्ष्य में ऐसा कुछ भी नहीं कर रहा हूं। मैंने बीते सालों में कोई संकल्प नहीं लिया था, लेकिन इस बार मैं एक अच्छा, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प ले रहा हूं। देश की प्रगति और सुरक्षा में अपना योगदान ईमानदारी से दूंगा। मैं दूसरों से भी गुजारिश करूंगा कि वे भी जिम्मेदार नागरिक बनें। देश के नागरिक जागरूक और सतर्क होंगे, तो देश को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकेगा।

नीतू चंद्रा: इस वर्ष मैंने संकल्प किया है कि अपने आसपास न खुद गंदगी फैलाऊंगी और न ही दूसरों को ऐसा करने दूंगी। मैं इस वर्ष अपनी ओर से प्रयास करूंगी कि कम-से-कम गंदगी फैले। मैंने बिजली और पानी के भी दुरुपयोग को रोकने का भी संकल्प लिया है। आज भी हमारे देश के कई गांव अंधेरे में डूबे हैं और कई जगह लोग दो बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि हम आवश्यकता के अनुसार बिजली और पानी का प्रयोग करें। साथ ही, बुजुर्गो को उनके हिस्से का सम्मान दिलाने का प्रयास भी करूंगी। इसके अलावा, नए वर्ष में भरपूर काम करने का संकल्प लिया है। चौबीस घंटे काम करने के लिए तैयार रहूंगी। कल को किस तरह बेहतर बनाया जाए, इस पर मेरा ध्यान होगा।

-मुंबई प्रतिनिधि

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(2) वोट का औसत

average:4.5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित