आमिर डेडिकेटेड ऐक्टर हैं: तनिष्ठा चटर्जी

आमिर डेडिकेटेड ऐक्टर हैं: तनिष्ठा चटर्जी

तनिष्ठा चटर्जी ने अभिनय की शुरुआत अनवर जमाल निर्देशित नेशनल अवार्ड से सम्मानित हिंदी फिल्म स्वराज से की थी। फिल्म में अभिनय केलिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिग ऐक्ट्रेस के लिए नॉमिनेट भी किया गया था, लेकिन बाद में उन्होंने अपना रुख इंटरनेशनल फिल्मों की ओर कर लिया। मूल रूप से दिल्ली के ग्रेटर कैलाश की तनिष्ठा वहां की कई महत्वपूर्ण फिल्मों ब्रिक लेन, जूडी डेंस, एने हाथवे, शैडोज ऑफ लव वगैरह में काम किया। यही नहीं, कई बार वे बेस्ट ऐक्ट्रेस केलिए भी नॉमिनेट हुई, लेकिन अब वे इंटरनेशनल फिल्मों के साथ बॉलीवुड में भी मुकाम बनाना चाहती हैं। इसी उद्देश्य से वे दोबारा हिंदी फिल्मों में सक्रिय हैं।

पिछले दिनों दिल्ली आई तनिष्ठा ने एक मुलाकात में बताया, बॉलीवुड की कई अच्छी फिल्में कर रही हूं। राजा मेनन की बारह आना, एनएफडीसी की व्हाइट एलीफेंट, सुधीर मिश्रा की साइलेंस फिल्म द सनराइज के अलावा, देव बेनेगल की भी एक फिल्म कर रही हूं। न्यूयॉर्क बेस्ड डायरेक्टर जोसेफ मैथ्यू की हिंगलिश फिल्म बॉम्बे समर में मेरा रोचक किरदार है। पोल डांस पर आधारित एक अनाम इंग्लिश फिल्म भी कर रही हूं।

दिल्ली के ब्लू बेल्स स्कूल के बाद वेंकटेश्वर कॉलेज से केमिस्ट्री ऑनर्स तनिष्ठा ने बाद में एनएसडी से ऐक्टिंग का कोर्स किया और उसके बाद वे बैरी जॉन के साथ थिएटर करने लगीं। उसी दौरान उन्हें अनवर जमाल ने स्वराज में काम करने का अवसर दिया। इस फिल्म को चूंकि नेशनल अवार्ड मिला था और इसमें बेहतर काम करने के कारण तनिष्ठा का नाम हुआ, तो वे कई देशी-विदेशी फिल्मकारों की नजरों में रातोंरात चढ़ गई। तनिष्ठा इस बारे में बताती हैं, हालांकि मैंने स्वराज के बाद एक शॉर्ट फिल्म बस यूं ही में भी काम किया था, लेकिन उसी दौरान मुझे फ्रेंच फिल्म ब्रिक लेन का ऑफर मिला। सच तो यह है कि अनुभव लेने के लिए ही मैंने हामी भर दी। इस फिल्म को काफी सराहना मिली, तो कई अन्य फिल्में भी मिलीं और मैंने उनमें भी काम किया। एक जर्मन फिल्म शैडोज ऑफ लव में मेरे साथ इरफान खान भी थे। इस फिल्म की अधिकांश शूटिंग कोलकाता में हुई थी। उसी बीच मैंने बांग्ला फिल्म बीबोर में भी काम किया। इसके लिए मुझे बेस्ट ऐक्ट्रेस का नेशनल अवार्ड मिला।

इंजीनियर पिता और दिल्ली विश्वविद्यालय में राजनीति शास्त्र की प्राध्यापक मां की पुत्री तनिष्ठा अच्छी गायिका भी हैं। कुछ फिल्मों रोड, पेज 3 के लिए प्लेबैक करने के साथ टिप्स म्यूजिक के साथ वे अपना एलबम भी ला चुकी हैं। वे बताती हैं, मुझे बचपन से ही म्यूजिक का शौक है। मैंने हिंदुस्तानी क्लासिकल म्यूजिक की तालीम ली है। स्टेज परफॉर्मेस भी देती थी, लेकिन जब बैरी जॉन के साथ थिएटर करने लगी, तब म्यूजिक पीछे छूट गया। हालांकि रियाज अब भी जारी है।

हिंदी फिल्मों में दोबारा आने की वजह क्या है? पूछने पर वे कहती हैं, यह ग्लोबलाइजेशन का दौर है। पूरी दुनिया सिमट गई है। ऐसे में जहां भी अच्छा काम मिलेगा, मैं करती रहूंगी। फिर मैं भारतीय हूं, ऐसे में बॉलीवुड से दूरी बनाकर कैसे रह सकती हूं?

तनिष्ठा ने अब तक ज्यादातर रिअॅलिस्टिक फिल्में ही की हैं। इसीलिए उनकी आनेवाली फिल्में भी कमोबेश ऐसी ही हैं। क्यों..? वे बताती हैं, चूंकि ऐसी फिल्में न केवल आम लोगों से जुड़ी होती हैं, बल्कि इसके दर्शक भी बुद्धिजीवी लोग होते हैं। ऐसी फिल्म और ऐसे किरदारों से मेरा जुड़ाव जल्दी हो जाता है। चूंकि ऐसी फिल्में मुझे पसंद हैं, इसलिए मेरे खाते में अधिकांश रिअॅलिस्टिक फिल्में हैं। वैसे, मैं हर तरह की फिल्में करना चाहती हूं।

तनिष्ठा बॉलीवुड में दोबारा सक्रिय जरूर हो गई हैं, लेकिन यहां भी वे सार्थक और अच्छी फिल्में ही करना चाहती हैं। वे कहती हैं, ऐसा इसलिए, क्योंकि मैंने शौकिया तौर पर ऐक्टिंग में कदम रखा है, इसलिए चालू या फॉर्मूला फिल्में करने का मेरा कोई इरादा नहीं है। फिलहाल मैं जिन फिल्मकारों के साथ काम कर रही हूं, वे सभी खास टाइप की फिल्मों के मास्टर हैं। इसीलिए उनकी फिल्में निर्माण के समय से ही चर्चा में आ जाती हैं। बुद्धदेव दासगुप्ता जैसे फिल्ममेकर की भी एक फिल्म का ऑफर है। उनके अलावा, मैं श्याम बेनेगल, मधुर भंडारकर, शिमित अमीन जैसे डायरेक्टर के साथ भी काम करना चाहती हूं।

इरफान खान, नसीरुद्दीन शाह, विजयराज, सतीश कौशिक, नीना गुप्ता आदि के साथ काम कर चुकीं तनिष्ठा के पसंदीदा अभिनेता हैं आमिर खान। वे कहती हैं, काम के प्रति डेडिकेशन और पैशन ही आमिर खान को खास अभिनेता बनाता है। चाहे फिल्म मेकिंग हो या ऐक्टिंग, हर जगह उनका डेडिकेशन और पैशन दूर से ही नजर आ जाता है। मेरी इच्छा मिस्टर परफेक्टनिस्ट यानी आमिर खान के साथ काम करने की है। यह इच्छा कब पूरी होगी, मुझे नहीं पता..!

एस.एन

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(4) वोट का औसत

average:3.75
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित