शाहरुख बड़े भाई की तरह हैं: रानी मुखर्जी

शाहरुख बड़े भाई की तरह हैं: रानी मुखर्जी

हिंदी फिल्मों में रानी मुखर्जी का जलवा भले ही धीरे-धीरे कम हो रहा हो, लेकिन उनके प्रशंसक आज भी उनकी अदाओं के दीवाने हैं। पिछले कई वर्षो से अभिनय की दुनिया में सक्रिय रानी को लगभग सभी बड़े अभिनेताओं के साथ काम करने का अवसर मिला है। उनकी खासियत यही है कि उनके साथ काम करने वाला हर अभिनेता उनका दोस्त बन जाता है। सच तो यह है कि रानी भी उनके साथ अपनी दोस्ती निभाती हैं। वे लोकप्रिय खान तिकड़ी से बेहद प्रभावित हैं और उन्हें ही अपना फेवॅरिट को-आर्टिस्ट बताती हैं। रानी बता रही हैं अपने फेवॅरिट को-आर्टिस्टों के बारे में..

शाहरुख खान : वे न केवल मेरे फेवॅरिट को-आर्टिस्ट हैं, बल्कि वे मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक हैं। हम दोनों के बीच गहरा रिश्ता भी है। पहली बार उनके साथ काम करने का मौका कुछ कुछ होता है में मिला था। तभी से हमारी दोस्ती की शुरुआत हुई। शाहरुख, गौरी और उनके बच्चे मेरे लिए बहुत मायने रखते हैं। उनके सुख-दुख से मेरा भी वास्ता है। शाहरुख और मेरी पर्सनैल्टी में बहुत-सी समानताएं हैं, जो हमें एक-दूसरे के साथ जोड़ती हैं। वे मेरे लिए बड़े भाई की तरह हैं। जब भी मुझे कोई उलझन होती है, उनसे जरूर सलाह लेती हूं। मुझे लगता है, वे जो भी करते हैं वह अच्छा ही होता है। वे बहुत मिलनसार हैं और दूसरों से बेहद अच्छी तरह पेश आते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि शाहरुख अपने को-आर्टिस्ट को हमेशा कम्फर्टेबल फील कराते हैं। वे बेहद कैजुअल और रिलैक्स रहते हैं और यही बात उनकी मुझे बेहद अच्छी लगती है। लोकप्रियता की ऊंचाइयां छूने के बाद ज्यादातर लोग सातवें आसमान पर पहुंच जाते हैं, लेकिन शाहरुख ऐसे नहीं हैं। वे अपनी हर सफलता को बेहद सहज अंदाज में लेते हैं। अगर उनके बारे में एक शब्द में कुछ कहना हो, तो मैं कहूंगी कि शाहरुख इज ग्रेट।

आमिर खान : वे मेरे पारिवारिक मित्र हैं। फिल्म गुलाम की शूटिंग के दौरान हमारी दोस्ती हुई थी। आमिर जो काम करते हैं, उसमें अपना शत-प्रतिशत देते हैं। दोस्ती को लेकर भी उनका ऐसा ही नजरिया है। गुलाम के बाद आमिर के साथ फिल्म मन में एक गीत में साथ-साथ डांस किया था और उसके बाद मंगल पांडे में उनके साथ काम करने का मौका मिला। यह फिल्म मैंने केवल आमिर के लिए की थी, क्योंकि उन्हें मैं कभी मना कर ही नहीं सकती थी। हालांकि उसके बाद हमने किसी फिल्म में साथ काम नहीं किया है। मुझे याद है कि गुलाम की शूटिंग के समय वे किस तरह मुझे सीन समझाते थे। अक्सर हमारी मुलाकात कहीं न कहीं हो ही जाती है। मुझे खुशी है कि वे जितने बढि़या ऐक्टर हैं, उतने ही अच्छे निर्देशक भी हैं। मेरे लिए वे बेहद स्पेशल हैं।

सैफ अली खान : शाहरुख और आमिर की तरह सैफ मेरे गहरे मित्र नहीं हैं, लेकिन हमारे बीच बेहद अच्छी वर्किंग रिलेशनशिप है। सैफ और मेरे बीच आदर और विश्वास का रिश्ता है। हमने ऐक्टर के रूप में साथ-साथ ग्रो किया है। हालांकि सैफ मुझसे काफी सीनियर हैं, फिर भी हमने साथ-साथ लंबा सफर तय किया है। दरअसल, हम तुम के समय से ही हमारे बीच अच्छी अंडरस्टैंडिंग हो गई और तारारमपम और थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक के दौरान हम और करीब आ गए। सैफ अच्छे ऐक्टर तो हैं ही, वे अच्छे इनसान भी हैं। सच तो यह है कि उनका लविंग और केयरिंग नेचर उन्हें दूसरों से अलग करता है। हम दोनों के बीच कोई ईगो नहीं है। हमने साथ-साथ तीन फिल्में की हैं हम तुम, तारारमपम और थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक। मुझे खुशी है कि सैफ और मुझे साथ-साथ दर्शक पसंद करते हैं।

-सौम्या अपराजिता

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(18) वोट का औसत

average:3.444446
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित