
पहली फिल्म जन्नत की सफलता के बाद सोनल चौहान स्टार अभिनेत्री बन गई। उनका अभिनय और ग्लैमरस अंदाज दर्शकों को भा गया, लेकिन अब उसी बात को वे अपने लिए खतरनाक मानती हैं। सोनल इस बारे में कहती हैं, हर कलाकार चाहता है कि उसकी पहली फिल्म सुपर-डुपर हिट हो। मैं भी यही चाहती थी और मेरी वह चाहत पूरी भी हुई, लेकिन फिल्म के निर्माता मुकेश भट्ट की एक बात से मेरी सारी खुशी पल भर में काफूर हो गई। उन्होंने मुझसे कहा, सोनल तुमने पहली फिल्म से ही अच्छी ऊंचाई छू ली है। अब तुम्हें नीचे की तरफ जाना होगा। ऐसा इसलिए, क्योंकि आगे अब कुछ भी नहीं है, यानी रास्ता बंद। भट्ट साहब की वह बात सुनकर मैं डर गई। अब मैं अपनी सफलता को संभालने में जुटी हुई हूं। मैं हर कदम सोच-समझकर उठा रही हूं। अब ध्यान इस बात पर होता है कि जरा-सी भी लापरवाही मुझे नीचे ला सकती है। इसलिए मैं जो भी काम करूं, सोच-समझकर करूं।
सोनल के व्यक्तित्व में पहली फिल्म की सफलता से कोई बदलाव नहीं आया है। आजकल वे चंडीगढ़ में ओ.एस. हुसैन के निर्देशन में एक अनाम फिल्म की शूटिंग कर रही हैं। हुसैन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चित्रकार एम.एफ. हुसैन के बेटे हैं। सोनल कहती हैं, फिल्म जन्नत की सफलता के बाद मुझे कई फिल्मों के प्रस्ताव मिले, लेकिन किसी फिल्म में दम नहीं दिखा। मेरे पास कोई ऐसी कहानी नहीं आई, जिसे मैं अच्छा कहती। ओ.एस. हुसैन की फिल्म की स्क्रिप्ट मुझे पसंद आ गई। मैं इसमें चंडीगढ़ की लड़की सुमन का किरदार निभा रही हूं। वह बहुत साधारण है। जन्नत की जोया से सुमन बिल्कुल अलग है। इसमें दर्शकों को मेरा नया लुक देखने को मिलेगा। मैं हुसैन साहब की फिल्म साइन करके खुश हूं। इस फिल्म से मेरी पहचान और ख्याति खूब बढ़ेगी। मैं ऊंचाई पर बनी रहूंगी। ओ.एस. हुसैन की फिल्म में सोनल ब्लैक ऐंड ह्वाइट फेम अभिनेता अनुराग सिन्हा के साथ स्क्रीन शेयर करती दिखेंगी। उनके लिए हुसैन के निर्देशन में काम करने का अनुभव यादगार है। वे बताती हैं, हुसैन स्वयं पेंटर हैं। वे हर शॉट बड़ी खूबसूरती से लेते हैं। फिल्म की शूटिंग के दौरान मुझे उनके परिवार से मिलने का अवसर मिला। सबने मुझे खूब प्यार दिया। पंद्रह साल बाद भी मैं इस फिल्म की शूटिंग का अनुभव नहीं भूलूंगी। इसकी शूटिंग को हम किस तरह एंज्वॉय कर रहे हैं, बता नहीं सकती। उसकी अनुभूति अलहदा है।
सोनल ने भट्ट कैंप के साथ तीन फिल्मों का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था। फिर वे किसी अन्य प्रोडक्शन हाउस की फिल्म में कैसे काम कर रही हैं? इस सवाल के जवाब में सोनल कहती हैं, उस अनुबंध में कहीं नहीं लिखा है कि मैं किसी और प्रोडक्शन हाउस की फिल्म में काम नहीं कर सकती। उन्होंने मुझे अनुबंध में बांधा नहीं है। मुकेश भट्ट मेरे पिता समान हैं। वे नहीं चाहते कि मैं कोई गलत फिल्म साइन करूं। मैं उनके साथ दो और फिल्में नहीं, दो सौ फिल्में करना चाहूंगी। मैं आज जो कुछ भी हूं, उन्हीं की वजह से हूं। खुशमिजाज स्वभाव की सोनल मानती हैं कि भट्ट कैंप के कारण ही उन जैसे नए लोगों को फिल्म इंडस्ट्री में आसानी से काम मिल रहा है। उनसे अलग होने की बात कोई नहीं सोच सकता। वे कहती हैं, भट्ट साहब जैसे लोग जब तक इंडस्ट्री में रहेंगे, नॉन फिल्मी बैकग्राउंड यानी बाहर के लोगों को काम मिलता रहेगा। वे स्टार मेकर हैं। उनके लिए इंडस्ट्री के बाहर के लोग पराये नहीं होते। मैं खुश हूं कि मुझे उनकी गाइडेंस में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
चर्चा है कि सोनल जॉन अब्राहम के साथ एक फिल्म में काम कर रही हैं। उस फिल्म के बारे में पूछने पर वे चुप्पी साध लेती हैं। बहुत कुरेदने पर सोनल कहती हैं, मेरी कुछ निर्माताओं से बात चल रही है, लेकिन अभी मैं किसी और फिल्म के बारे में बात नहीं कर सकती। सही वक्त आने पर मैं उन नई फिल्मों के बारे में खुद लोगों को जानकारी दूंगी। फिलहाल मेरा पूरा ध्यान हुसैन की फिल्म पर है। मैं चाहती हूं कि जन्नत के दौरान मुझे लोगों का जितना प्यार मिला, उतना ही प्यार इस फिल्म के जरिए भी मिले, ..तो सचमुच मजा आएगा।
-रघुवेन्द्र सिंह