अब एक्टिंग करूंगा: बप्पी लाहिड़ी

अब एक्टिंग करूंगा: बप्पी लाहिड़ी

पिछले चार दशक से संगीत जगत में सक्रिय संगीतकार-गायक बप्पी लाहिड़ी का उत्साह आज भी नए संगीतकारों की तरह है। संगीत के प्रति उनका प्रेम और समर्पण देखने योग्य है। नित नए प्रयोग करने का जज्बा आज भी उनमें बरकरार है। इसका ताजा उदाहरण उनका नया एलबम माई लव है, जिसमें उन्होंने विदेश की लोकप्रिय आरएनबी सिंगर जेडा के साथ मिलकर भारतीय संगीत को नया रुख देने की कोशिश की है। आजकल इस एलबम का गाना फूलों से पूछो.. काफी सुना जा रहा है।

बप्पी दा इस बारे में उत्साह से कहते हैं, मैं बहुत पहले डिस्को म्यूजिक भारत में लाया था और अब अपने एलबम के जरिए आरएनबी म्यूजिक भारत में इंट्रोड्यूस कर रहा हूं। आरएनबी म्यूजिक का मतलब है रिद्म और ब्लूज। मैंने युवाओं को ध्यान में रखकर यह प्रयोग किया है। ऐसा भारत में पहली बार हो रहा है। यदि मेरा प्रयोग पसंद आया, तो निश्चित ही इससे फिल्म इंडस्ट्री में एक नया ट्रेंड शुरू हो जाएगा।

माई लव बप्पी दा का दूसरा अंतरराष्ट्रीय एलबम है। इसे टी-सीरीज ने रिलीज किया है। वर्ष 1989 में उनका पहला अंतरराष्ट्रीय म्यूजिक एलबम हबीबा देश-विदेश में बेहद पसंद किया गया था। नए एलबम के गीत और खूबियों के बारे में बप्पी दा कहते हैं, यह रोमांटिक गीतों वाला एलबम है। इसमें आठ गाने हैं। इसकी खासियत यही है कि इसमें संगीत की तुलना में गीत पर अधिक फोकस किया गया है। आज के गीतों में लिरिक्स का पता नहीं होता। सिर्फ संगीत बजता रहता है। मेरे एलबम से अमेरिका की पापुलर आरएनबी सिंगर जेडा भारत में एंट्री कर रही हैं। पहली बार किसी भारतीय म्यूजिक एलबम में अमेरिकन रैप सिंगर ने गाना गाया है।

बप्पी दा संगीत की मौजूदा स्थिति से खुश नहीं हैं। वे कहते हैं, अब संगीत सिर्फ डांस तक सीमित होकर रह गया है। नई पीढ़ी के संगीतकार डांस बेस्ड गीत बनाने पर अधिक ध्यान दे रहे हैं। सत्तर और अस्सी का दशक संगीत के लिए गोल्डन एज था। उस समय लाइव आर्केस्ट्रा होता था। इसमें शक नहीं है कि आजकल अच्छे गीत बन रहे हैं, लेकिन उनमें लंबे वक्त तक टिके रहने की क्षमता नहीं है।

छोटे पर्दे पर कई रिअलिटी शो में जज की भूमिका निभाने के बाद बप्पी दा ने अब बड़े पर्दे की ओर रुख किया है। वे जल्द ही सलमान खान और करीना कपूर के साथ मैं और मिसेज खन्ना में अभिनय करते दिखाई देंगे। वे बताते हैं, मैंने ओम शांति ओम में अमिताभ बच्चन के साथ छोटा-सा रोल किया था। सोहेल ने जब मुझसे एक्टिंग करने के लिए कहा, तो मैं उन्हें मना नहीं कर सका। फिल्म में मैंने आस्ट्रेलिया के बिजनेस टायकून की भूमिका निभाई है। यह लंबी भूमिका है। इसमें मेरा रिअॅल लुक दर्शकों को देखने को मिलेगा। मेरे लिए एक्टिंग करने का अनुभव बहुत अच्छा रहा। आने वाले प्रोजेक्ट्स के बारे में बप्पी दा कहते हैं, मेरे गीत-संगीत से सजी कई फिल्में प्रदर्शित होने वाली हैं। उनमें मैं और मिसेज खन्ना, इट्स राकिंग दर्दे डिस्को, क्या टाइम है यार, जाने भी दो यारों, डोंट वरी और तेरे संग फिल्में हैं।

-मुंबई प्रतिनिधि

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(3) वोट का औसत

average:3.333334
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित