लिट्टी-चोखा पसंद है: नीतू चंद्रा

लिट्टी-चोखा पसंद है: नीतू चंद्रा

नीतू चंद्रा धीरे-धीरे सफलता की ओर अग्रसर हैं। फिल्म ओए लकी लकी ओए और 13 बी की सफलता के बाद उनके फिल्मी सफर ने रफ्तार पकड़ ली है। ऐतिहासिक नगरी पाटलिपुत्र में पली-बढ़ी नीतू फिल्मी दुनिया में अपनी जमीन तलाश चुकी हैं। फिल्मी चकाचौंध में रहते हुए भी अपने संस्कारों से जुड़ी इस अदाकारा की निजी जीवन की पसंद-नापसंद आम भारतीय युवती की तरह ही है।

ताइक्वांडो और बास्केट बॉल: खेल में मेरी बचपन से ही रुचि रही है। स्कूल-कॉलेज में होने वाले खेल-प्रतियोगिताओं में मैं हमेशा ही भाग लेती रही हूं। ताइक्वांडो में ब्लैक बेल्ट होल्डर हूं। 1996 में हांगकांग में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर की ताइक्वांडो प्रतिस्पद्र्धा में मैंने देश का प्रतिनिधित्व किया था। राष्ट्रीय स्तर की ताइक्वांडो प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीत चुकी हूं। बास्केट बॉल भी मुझे बेहद पसंद है। हालांकि, बास्केट बॉल मैं ज्यादा नहीं खेल पाई, लेकिन आज भी इसके प्रति मेरी रुचि बनी हुई है।

भाता है नृत्य: सांस्कृतिक कार्यक्रम मुझे बचपन से ही आकर्षित करते रहे हैं। बचपन से ही इन कार्यक्रमों का हिस्सा बनती आई हूं। मैं ट्रेंड कथक डांसर हूं। डांस हमेशा ही मुझे एक्साइट करता है। फुर्सत के लमहों में बिना संगीत के नृत्य करना और अपनी बांसुरी बजाना पसंद है। कथक के साथ-साथ वेस्टर्न डांस करना भी मुझे पसंद है।

पढ़ना है पसंद: फुर्सत के लमहों में किताबों के साथ वक्त गुजारना अच्छा लगता है। इन दिनों इतना वक्त नहीं मिलता कि पढ़ने के अपने शौक को पूरा कर सकूं। वैसे, मेरी पसंदीदा किताब द सीक्रेट है।

खाने की शौकीन: मुझे चटपटा खाना बेहद पसंद है। मैं इसकी शौकीन हूं। मैं बिहार की रहने वाली हूं। यहां मुंबई में वहां के पारंपरिक भोजन को बहुत मिस करती हूं। मुझे लिट्टी-चोखा, तिलकुट और खाजा बेहद पसंद हैं। मिठाई मेरी कमजोरी है। मैं अच्छा खाना बना लेती हूं। कुकिंग मुझे अच्छा लगता है।

गंदगी पसंद नहीं: गंदगी मुझे पसंद नहीं है। अपने आसपास गंदगी नहीं देख सकती। अपनी सुविधा के लिए लोग सड़कों पर गंदगी फैला देते हैं। मुझे यह बर्दाश्त नहीं होता। मेरे आसपास गंदगी नहीं फैले, इसका मैं पूरा खयाल रखती हूं।

व्यस्त रहना: व्यस्त रहना अच्छा लगता है। चौबीस घंटे भी शूटिंग कर सकती हूं। अधिक काम से मुझे कभी घबराहट नहीं होती। मेरे लिए कर्म ही जीवन है। मेरा काम मुझे जीने की ऊर्जा देता है। इस समय अच्छी फिल्मों में अभिनय मेरी पहली प्राथमिकता है।

-मुंबई प्रतिनिधि

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(6) वोट का औसत

average:4
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित