कोशिश करूंगा बस: राजा हसन

कोशिश करूंगा बस: राजा हसन

प्रशंसकों के प्यार और विश्वास के बल पर राजा हसन निकल पड़े हैं सुरीले सफर पर। उनकी सुरीली आवाज एलबम यार मिला दे रब्बा में श्रोताओं के लिए उपलब्ध है। दरअसल, पिछले कई दिनों से वे फिल्मों में पा‌र्श्व गायन के साथ-साथ इस एलबम की तैयारियों में व्यस्त थे। पहले एलबम की रिलीज को लेकर राजा बेहद उत्साहित हैं, अपने करीबी लोगों के आशीर्वाद से मैं पहला एलबम श्रोताओं के बीच ला सका। जब यह तैयार होकर आया, तब मेरी खुशी का ठिकाना नहीं था। मैं जी टीवी और यूनिवर्सल म्यूजिक का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने अपना वादा निभाया। एक गायक के लिए इससे बड़ी उपलब्धि नहीं हो सकती कि उसे अपने गीतों को एक सीडी के रूप में देखने को मिले।

उल्लेखनीय है कि यार मिला दे रब्बा को राजा ने अपने पिता और मशहूर गायक रफीक सागर को समर्पित किया है। वे बताते हैं, मेरा सपना था कि अपना पहला एलबम बाबा के साथ करूं। बचपन से उन्हें सुनता आया हूं। मैं उनका फैन हूं। यार मिला दे रब्बा के सारे गीत राजा के दिल के काफी करीब हैं। वे कहते हैं, एलबम में सात गाने हैं। सभी एक-दूसरे से अलग। सूफियाना अंदाज के गाने तो हैं ही, साथ ही सेमी-क्लासिकल ट्रैक भी हैं। मुझे तो इसके सभी गीत अच्छे लगते हैं। उम्मीद है, ये श्रोताओं को पसंद आएंगे। शो सारेगामापा के दौरान ही राजा ने फिल्मों में पा‌र्श्व गायन की शुरुआत कर दी थी। उनके गीत दे ताली, दोस्ताना और जय-वीरू में थे। आगे भी उनकी आवाज फिल्मों में सुनाई देगी। राजा के लिए एक अच्छी बात यह है कि ऑस्कर अवार्ड विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान भी उनसे बेहद प्रभावित हैं। जल्दी ही रहमान के लिए राजा किसी गीत की रिकॉर्डिग करें, तो कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी।

गायन प्रतिभा और आकर्षक व्यक्तित्व के साथ सरल स्वभाव ने जी टीवी पर प्रसारित होने वाले रिअॅलिटी शो सारेगामापा चैलेंज 2007 के दौरान राजा ने अपने प्रशंसकों का बड़ा वर्ग तैयार कर लिया था। उनके प्रशंसकों को निराशा झेलनी पड़ी, जब उनके प्रतिद्वंद्वी ऑनिक धर को विजेता घोषित किया गया। राजा दुखी हुए, लेकिन संभल गए। वे कहते हैं, यह मेरी किस्मत थी कि सारेगामापा जैसा मंच मिला। हर आदमी की ख्वाहिश होती है जीत। जीत नहीं मिली, तो क्या? हमें जनता का प्यार मिला। अल्लाह से दुआ करता हूं कि वह मुझे अपने-आपमें ढाल ले और मेरे फैन्स हमेशा मेरे साथ रहें। सारेगामापा के दौरान गुजरे पलों को याद करते हुए राजा कहते हैं, इस शो के दौरान मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला।

इस्माइल सर और हिमेश सर की डांट के साथ-साथ उनका प्यार मिला। विशाल और शेखर जी ने तो मुझे सिर-आंखों पर बिठाया। तारीफ और बुराई तो चलती रहती है। राजा से यह पूछने पर कि क्या उनका भविष्य उज्ज्वल है? वे कहते हैं, मेरा भविष्य क्या होगा, यह तो अल्लाह जाने, लेकिन मैं अपनी गायकी को और निखारने की कोशिश करूंगा और लोगों के दिल तक पहुंचने की कोशिश करूंगा। बस..।

-मुंबई प्रतिनिधि

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(3) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित