करियर को लेकर एक्साइटेड है फरदीन

करियर को लेकर एक्साइटेड है फरदीन

पिता फिरोज खान की यादों और आदर्शो के साथ फरदीन खान दोबारा फिल्मी दुनिया मेंबिजी हो गए हैं। पिछले दिनों ही उन्होंने शाहरुख खान और सुष्मिता सेन अभिनीत दूल्हा मिल गया की शूटिंग पूरी की है। इस साल फरदीन की चार फिल्में रिलीज के लिए तैयार हैं। वे बताते हैं कि इस साल मैं अपने फिल्मी करियर को लेकर बेहद एक्साइटेड हूं। पहले लाइफ पार्टनर, फिर एसिड फैक्ट्री, ऑल द बेस्ट और उसके बाद दूल्हा मिल गया। सारी फिल्में अलग-अलग जॉनर की हैं। मैं समझता हूं कि यह साल मेरे लिए अच्छा होगा। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के चहेते अभिनेता, निर्माता और निर्देशक फिरोज खान के गुजर जाने के बाद उनके पुत्र फरदीन के जीवन में काफी बदलाव आया है। वे उनके पिता ही नहीं, उनके हमराज और मार्गदर्शक भी थे। ऐसे में उनके आसपास न होने का एहसास फरदीन को उदास कर देता है। पिता के निधन के बाद उनकी पहली फिल्म लाइफ पार्टनर प्रदर्शित होगी। उनके लिए यह पहला मौका होगा जब पापा उनकी फिल्म नहीं देख पाएंगे। नम आंखों के साथ वे बताते हैं, पर्सनली मैं उन्हें हर रोज, हर पल मिस करता हूं। पर्सनल लेवल पर तो उनकी कमी को पूरा नहीं किया जा सकता, लेकिन जहां तक काम का सवाल है, मुझे उम्मीद है कि मेरी आने वाली फिल्मों से वे खुश होते। मेरे अच्छे काम से वे बेहद खुश होते थे और जब बकवास काम करता था, तब कहते थे कि ये क्या कर रहे हो? मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है।

लाइफ पार्टनर में फरदीन को गोविंदा, तुषार कपूर, जेनिलया डी-सूजा और प्राची देसाई का साथ मिला है। वे बताते हैं, फिल्म अच्छी बनी है। सबने अच्छा काम किया है। यह कॉमेडी फिल्म नहीं है। टाइटिल के अनुसार ही इसकी कहानी शादी को लेकर बनी है। तीन दोस्त हैं करण, भावेश और जीत। मैं करण की भूमिका निभा रहा हूं। करण लव मैरिज में बिलीव करता है। उसके अनुसार शादी से पहले अपने पार्टनर को ठीक तरीके से जानना जरूरी है। भावेश गुजराती है। वह ट्रेडिशनल लड़का है। उसने लाइफ पार्टनर के मामले में अपना निर्णय माता-पिता पर छोड़ा है। जीत तलाकशुदा वकील है। वह शादी में यकीन नहीं करता।

लाइफ पार्टनर में अपनी भूमिका से फरदीन काफी हद तक इत्तिफाक रखते हैं। वे कहते हैं, करन और फरदीन में काफी समानताएं हैं। करण भी मेरी तरह फनलविंग और रोमांटिक है। उसे भी मेरी तरह सरप्राइज देना पसंद है। मैं भी करण की तरह लव मैरिज में बिलीव करता हूं। मैंने खुद भी नताशा के साथ लव मैरिज किया है। इसलिए मुझे करण के कैरेक्टर को जानने-पहचानने में मुश्किल नहीं हुई। यह पूछने पर कि रिअॅल लाइफ में फरदीन कैसे लाइफ पार्टनर हैं? वे बताते हैं, मैं अपनी तारीफ कैसे कर सकता हूं? यह तो लोगों को नताशा से पूछना पड़ेगा। मेरे लिए तो नताशा परफेक्ट लाइफ पार्टनर है।

फरदीन के अनुसार लाइफ पार्टनर केवल मनोरंजक फिल्म नहीं है। वे कहते हैं, सिर्फ एंटरटेन करने के लिए हमने शादी के टॉपिक पर फिल्म नहीं बनाई है। कुछ सीरियस इश्यूज भी हैं इसमें। लड़कियों के हिस्से में भी अच्छी भूमिका आई है। उनका प्वॉइंट ऑफ व्यू भी है। अगर लोग शादी पर फिल्म बना रहे हैं, तो ऐसा नहीं है कि केवल मर्दो का ही प्वॉइंट ऑफ व्यू दिखा सकते हैं। औरतों का भी प्वॉइंट ऑफ व्यू दिखाना जरूरी होता है। लाइफ पार्टनर फैमिली ऑडिएंस की फिल्म है। पूरा परिवार साथ देख सकता है। जो लोग शादी करने के लिए सोच रहे हैं, जिन्होंने अभी-अभी शादी की है और जो काफी समय से शादीशुदा हैं। सभी इसे देखकर एंज्वॉय करेंगे।

पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए फरदीन ने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कदम रख दिया है। आने वाले दिनों में वे फिल्म निर्देशन में भी अपनी किस्मत आजमाएंगे। फरदीन बताते हैं, बहुत दिनों से मैं खुद फिल्म प्रोड्यूस करना चाह रहा था। इस साल कुर्बानी के रिमेक के साथ इसकी शुरुआत हो जाएगी। कुर्बानी का प्री-प्रोडक्शन इस साल शुरू होगा और अगले साल से शूटिंग भी शुरू हो जाएगी। फिलहाल, अमजद खान के रोल के लिए संजय दत्त फाइनल हो गए हैं। मैं भी कुर्बानी में एक्टिंग कर रहा हूं। अगले दो-तीन साल में फिल्म डायरेक्ट करने की भी मेरी योजना है।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(4) वोट का औसत

average:4.5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित