आत्मरक्षा करना जानती हूं: शिल्पा

आत्मरक्षा करना जानती हूं: शिल्पा

मोहक मुस्कान और आकर्षक व्यक्तित्व वाली खूबसूरत शिल्पा शेट्टी की पहचान का दायरा अब फिल्म अभिनेत्री तक ही सीमित नहीं। शिल्पा हमेशा कुछ नया कदम उठाने का जोखिम लेने को तैयार रहती हैं। वे मुश्किलों से डरती नहीं हैं, तभी तो देश-विदेश में उनके लाखों चाहने वाले मौजूद हैं। गैर फिल्मी पृष्ठभूमि की शिल्पा शेट्टी ने अपने दम पर न सिर्फ हिंदी फिल्म इंडस्ट्री, बल्कि इंटरनेशनल ग्लैमर व‌र्ल्ड में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। एक नजर शिल्पा शेट्टी के व्यक्तित्व के उन पहलुओं पर, जो उनकी अलग एवं प्रभावी छवि बनाते हैं।

निडर एवं साहसी

फिल्मों में अक्सर मुसीबत के समय नायक पर निर्भर दिखने वाली शिल्पा शेट्टी निजी जीवन में बेहद निडर एवं साहसी हैं। उन्हें ईश्वर के सिवाय किसी से डर नहीं लगता। शिल्पा के अनुसार, मैं फिजिकली और मेंटली स्ट्रॉन्ग हूं। मैं बचपन से स्पो‌र्ट्स में सक्रिय रही हूं। कराटे में ब्लैक बेल्ट होल्डर हूं, इसलिए किसी से नहीं डरती। मैंने जीवन में इतने उतार-चढ़ाव देखे हैं कि अब हर मुसीबत से निपटना सीख गई हूं। मेरी ईश्वर में बहुत आस्था है। मैं सिर्फ उन्हीं से डरती हूं।

घरेलू एवं समाजसेवी

शिल्पा शेट्टी की छवि बाहर भले ही ग्लैमर गर्ल की हो, लेकिन घर में वे आम लड़की जैसी जिंदगी ही गुजारती हैं। शिल्पा घरेलू लड़की हैं। वे अपने काम स्वयं करती हैं। कभी-कभी चाय भी खुद बनाती हैं। शिल्पा कहती हैं, मुझे नहीं लगता कि इसमें आश्चर्य करने जैसी कोई बात है। हम सभी को अपना काम खुद करना आना चाहिए। बड़ी-बड़ी आंखों वाली शिल्पा मानती हैं कि एक सेलीब्रिटी जब कोई काम करती है, तो हजारों निगाहें उस पर होती हैं। अपनी इस पॉवर का उसे सदुपयोग करना चाहिए। गौरतलब है कि शिल्पा एड्स जागरूकता अभियान से जुड़ी रही हैं।

जिम्मेदार बहन

शिल्पा शेट्टी की छोटी बहन शमिता शेट्टी के बारे में सभी जानते हैं। शमिता ने शिल्पा ने नक्शे-कदम पर चलते हुए अभिनय में कदम तो रखा, लेकिन उन्हें शिल्पा जैसी कामयाबी नहीं मिली। हालांकि शिल्पा ने हमेशा अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए शमिता का मार्गदर्शन किया। शमिता के पास जब बिग बॉस तृतीय में जाने का ऑफर आया, तो शिल्पा ने उन्हें शो में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। शिल्पा कहती हैं, मैं चाहती हूं कि मेरी बहन को भी मेरे जैसी लोकप्रियता मिले। एक दिन शमिता मेरे होम प्रोडक्शन की फिल्म में जरूर दिखेगी। जब मैं उससे कहती हूं कि मैं तुम्हें लेकर फिल्म बनाऊं, तो वह मना कर देती हैं।

बिजनेस वूमेन एवं निर्मात्री

लंबे समय से अभिनय में सक्रिय शिल्पा शेट्टी ने अब बिजनेस में भी कदम रख दिया है। एस टू नाम से प्रोडक्शन हाउस खोलने के साथ ही उन्होंने अपना स्पा भी शुरू किया है। आज शिल्पा अभिनय से अधिक बिजनेस में रुचि लेने लगी हैं। शिल्पा के अनुसार, मैं एक काम करते-करते बोर हो गई थी। राज कुंदरा ने जब मुझे बिजनेस के क्षेत्र में आने का न्योता दिया, तो मैंने फौरन हां कह दी। मुझे नई चीजें करने में मजा आता है। लोग मुझे बिजनेस वूमेन कहते हैं, तो खुशी होती है। मैं भविष्य में कई और नए कदम उठाने जा रही हूं।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(2) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित