छोटे पर्दे पर डीपीएल की जज बनेंगी रानी

छोटे पर्दे पर डीपीएल की जज बनेंगी रानी

जी हां, रानी मुखर्जी जल्द ही छोटे पर्दे पर नजर आएंगी, लेकिन वे किसी सीरियल में रोल नहीं करेंगी। वे डांस पर आधारित शो डांस प्रीमियर लीग में जज की भूमिका निभाएंगी।

लोग कहते हैं कि अगर आप टीवी पर आते हैं तो सीधे दर्शकों के घरों में पहुंच जाते हैं। उनसे आपका सीधा रिश्ता बनता है। यही देखने और समझने की गरज से मैंने डीपीएल यानी शो डांस प्रीमियर लीग के लिए हामी भरी। यह कहना है रानी मुखर्जी का। रानी टीवी के प्रति पूरी तरह से आश्वस्त नजर नहीं आतीं। डीपीएल के लिए अंतिम क्षणों में उन्होंने हां कहा। फिर भी वे बताती हैं, मैं टीवी पर ज्यादा दिनों और समय के लिए दिख सकती हूं। यह तो शुरुआत है। इस शो के लिए मुझे 14 दिन देने पड़े हैं। मेरे लिए यह 14 दिनों का अनुभव मजेदार रहा।

डीपीएल शो के सिलसिले में हुए इस इंटरव्यू के चार दिन पहले तक रानी को भी आइडिया नहीं था कि वे जल्दी ही किसी टीवी शो का हिस्सा बन जाएंगी। वे स्पष्ट करती हैं, मेरे साथ ऐसा ही होता है। मैं पहले से कोई प्लानिंग या तैयारी नहीं करती। पहले भी कई ऑफर मेरी गोद में आकर गिरे हैं। डीपीएल भी ऐसा ही एक शो है। वे इस बात की परवाह नहीं करतीं कि उनके हां कहने के पहले इस शो के लिए किस अभिनेत्री से बात चल रही थी। वे साफ शब्दों में कहती हैं, मैं तो जानना ही नहीं चाहती कि मुझसे पहले चैनल के अधिकारियों ने किस-किस अभिनेत्री से इसके लिए बात की। अभी सच्चाई यही है कि मैं डीपीएल कर रही हूं और आप इस शो के लिए मेरा इंटरव्यू कर रहे हैं। आपको बता दूं कि मैंने तो अभिनेत्री बनने के बारे में भी नहीं सोचा था, लेकिन बन गई। आगे देखिए, मुझे और क्या-क्या मिलता है?

रानी इस शो को अपनी प्रतिष्ठा और पहचान से जोड़ कर नहीं देखतीं। वे समझाती हैं, यह रानी मुखर्जी शो नहीं है। इस शो की प्लानिंग में मेरा योगदान नहीं है। आने के बाद थोड़े सुझाव भर दिए हैं। इस शो का कॉन्सेप्ट अच्छा लगा, इसलिए मैंने हामी भरी। मैं खुद डांसर हूं और डांस करने में मुझे मजा आता है। वे इस संभावना से इंकार नहीं करतीं कि कभी किसी चैनल पर रानी मुखर्जी शो आ सकता है। वे कहती हैं, उसके लिए बड़ी तैयारी करनी होगी। निर्णय लेने में भी समय लगेगा। मुझे देखना होगा कि मेरी दूसरी क्या जिम्मेदारियां हैं और मैं पूरा वक्त निकाल पाऊंगी कि नहीं? अभी तो 14 दिनों का यह शो देख लूं। फिर सोचूंगी।

रानी शो डीपीएल में अपनी भूमिका के बारे में बताती हैं, मैं इसमें रानी मुखर्जी अभिनेत्री के तौर पर नहीं हूं। मेरी जिम्मेदारी है कि मैं सभी प्रतियोगियों को ठीक से परखूं और अपने निर्णय सुनाऊं। चूंकि यह अलग-अलग जोन के कॉम्पीटिशन का शो है, इसलिए किसी को लग सकता है कि अपने कनेक्शन की वजह से मैं किसी खास जोन का समर्थन कर रही हूं। मैं महाराष्ट्र की हूं। इस हिसाब से मेरा समर्थ वेस्टर्न जोन को है, लेकिन मैं बंगाली हूं, तो ईस्टर्न जोन की जीत चाहूंगी। मेरे पिता झांसी के हैं, तो सेंट्रल कनेक्शन भी बनता है। अब मुझे सावधान रहना है कि भूले से भी पक्षपात न कर बैठूं। हर जोन को बहुत मेहनत करनी होगी। अपने प्रदर्शन से ही वे मेरा प्यार और मा‌र्क्स पा सकते हैं।

रानी चाहती हैं कि डीपीएल शो में भारत के विभिन्न इलाकों में प्रचलित नृत्य की शास्त्रीय शैली की झलक दिखे। टीवी के दर्शक नृत्य परंपरा और डांस फार्म से परिचित हों। वे कहती हैं, मेरी तमन्ना है कि जनता की तरफ से बोलूं। मैं नृत्य शैलियों और डांस फार्म के बारे में बताना चाहूंगी। लोग यह समझें कि एक दर्शक के रूप में इस शो को देखते हुए वे जैसे रिएक्ट करते, लगभग वैसे ही अंदाज में मुझे स्क्रीन पर देखें। इस शो को आईपीएल के तर्ज पर रखा गया है। अपनी आखिरी फिल्म में मैंने डांस करने के साथ क्रिकेट भी खेला था, लगता है यह शो मुझे दिल बोले हडि़प्पा करने की वजह से मिला है।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(2) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित