खबर गर्म है कि दीपिका पादुकोण रणबीर कपूर फिर से करीब आ गए हैं। अयान मुखर्जी की फिल्म ये जवानी है दीवानी के सेट पर फिर से नजदीकी बढ़ी। फिल्म का टाइटिल चरितार्थ हो रहा है। एक अंतराल के बाद दोनों के बीच गिली गिली अप्पा हो रहा है। याद करें तो संबंध विच्छेद होने पर भी दोनों ने माहौल में कड़वाहट नहीं घोली। हां, करण जौहर के शो में अलबत्ता दीपिका ने चोट खाई प्रेमिका की तरह तैश में आकर कुछ कह दिया था। उस बात का बतंगड़ बना। ऋषि कपूर भी नाराज हुए। कुछ दिनों में हर फिल्मी झगड़े की तरह वह भी सुलझ गया। दोनों अपने इंटरव्यू में एक-दूसरे के बारे में पूछे जाने पर यही कहते रहे कि वे आज भी दोस्त हैं और एक-दूसरे से बातें करते हैं। उनकी इस सफाई के बावजूद दोनों को साथ नहीं देखा गया। इसकी एक वजह तो यही रही कि दोनों अपने करिअर में बिजी रहे। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के पुराने प्रेमिका की तरह बिसरना और जहर उगलना नहीं शुरू किया।
अपने जन्मदिन के प्राइवेट सेलिब्रेशन से खुश दीपिका कहती हैं कि बचपन से मैं इस सादगी से मनाती आई हूं। घर-परिवार के साथ कुछ करीबी दोस्त हों तो हर सेलिब्रेशन ग्रेट हो जाता है। मैं दिखावे और तमाशे में यकीन नहीं करती। यही वजह है कि मुझे ऐसे लोग भी पसंद नहीं हैं। खबर है कि सिद्धार्थ माल्या से उनका ब्रेकअप हो चुका है। सबूत है कि उन्होंने अपना कॉलर ट्यून और बीबीएम बदल दिया है। उन्होंने अपना स्टेटस लिख दिया है गेम ओवर..। करीबी बताते हैं कि सिद्धार्थ माल्या और दीपिका की तमाम कोशिश के बावजूद यह रिश्ता किसी किनारे नहीं लग रहा था। लंबे समय तक अनचाहे और निरर्थक रिश्ते में फंसे रहने से बेहतर था कि दोनों अलग हो जाते। सिद्धार्थ और दीपिका के अलग होने की खबर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में फैलने से पहले यह खबर आने लगी कि दीपिका और रणबीर फिर से साथ दिखने लगे हैं।
ये जवानी है दीवानी के सेट पर साथ रहने का यह फायदा हुआ है। दोनों के पास शूट के बाद का खाली समय था। पुराने रोमांस की चिंगारी दोनों के मन के कोने में दबी हुई थी। उसे भड़कते देर नहीं लगी। गलतफहमी दूर हुई और दोनों फिर से साथ नजर आने लगे। दोनों के बीच दोस्ती से कुछ च्यादा है, लेकिन अभी उसे प्यार का नाम नहीं दिया जा सकता। पिछली बार की जल्दबाजी ये नहीं दिखाना चाहते। जरूरी नहीं है कि प्रेम की नई शुरुआत का अंत शादी में हो। दोनों फिलहाल किसी प्रकार के कमिटमेंट से बचना चाहते हैं। अभी दोनों का करियर उठान पर है। अंतरंग रिश्ते की अफवाहों से भी करियर प्रभावित हो सकता है, इसलिए फिलहाल दोस्ती का कवच काफी है। दीपिका चाहती हैं कि उनकी फिल्मों में वैरायटी आए। वे एक तरह की फिल्मों में फंसना नहीं चाहतीं। एक इच्छा यह भी है कि वे श्रीदेवी और माधुरी दीक्षित के दौर की रोमांटिक और सोशल लव स्टोरी वाली फिल्में करें। फिलहाल वे रेस-2 की शूटिंग आरंभ कर चुकी हैं। अब्बास-मस्तान के डायरेक्शन में काम करने का एक लाभ यह है कि उन्हें स्टाइलिश तरीके से पर्दे पर आने का मौका मिलेगा। वे फिर से इम्तियाज अली और आशुतोष गोवारीकर के साथ काम करना चाहती हैं। उन्हें इस बात का मलाल नहीं है कि खेलेंगे हम जी जान से नहीं चली। इस फिल्म की शूटिंग और अभिषेक बच्चन के साथ को वे एक सुखद अनुभव की तरह याद करती हैं। हाल ही में फिल्मफेअर अवार्ड समारोह में अभिषेक बच्चन के साथ उन्होंने कुछ समय बिताया और शूटिंग के दिनों को याद किया।
दीपिका का सारा ध्यान अभी एक्टिंग पर है। वे प्रोडक्शन और डायरेक्शन की बारीकियों से वाकिफ हो रही हैं, लेकिन फिलहाल प्रोडक्शन का कोई इरादा नहीं है। वे चाहती हैं कि कुछ साल तक एक्टिंग पर ही पूरा ध्यान दें और खुद को निखारें। पिछला साल सफलता के लिहाज से उल्लेखनीय नहीं रहा, लेकिन ऐसे उतार-चढ़ाव को वे करियर में नेचुरल मानती हैं। वे कहती हैं, अभी मेरी उम्र ही क्या है? मेरे सामने तो पूरी जिंदगी पड़ी है..।