
फिल्म हीरो से चर्चा में आए अभिनेता जैकी श्रॉफ ने अपने फिल्मी सफर में सौ से ज्यादा फिल्में की हैं। आज भी उनकी दो दर्जन से ज्यादा फिल्में फ्लोर पर हैं। हाल ही में उन्होंने भोजपुरी फिल्मों में भी काम किया है। उनकी पहली भोजपुरी फिल्म हम हई खलनायक रिलीज हो रही है। बातचीत जैकी श्रॉफ से..
भोजपुरी फिल्म हम हईखलनायक से कैसे जुड़े आप ?
अमित वर्मा मेरे अच्छे दोस्त हैं। उनकी इच्छा थी कि मैं उनकी भोजपुरी फिल्म हम हई खलनायक में अहम किरदार निभाऊं। उनके अनुसार, यह किरदार मुझे ही ध्यान में रखकर लिखा गया है। मुझे फिल्म की कहानी और मेरा किरदार अच्छा लगा। वे लोग अच्छे मेकर हैं। उनकी पिछली रिलीज फिल्म काहे गए परदेस पिया हिट हो चुकी है। हम हई खलनायक के अलावा, इनकी दो और फिल्में बबुआ और सजनवा हमार बलमा तोहार अगले महीने रिलीज होगी। इस फिल्म के निर्देशक टी डी अब्बास-मस्तान के सहायक रह चुके हैं। टी डी टैलॅन्टेड डायरेक्टर हैं।
आपका क्या रोल है इस फिल्म में?
फिल्म की कहानी एक व्यक्ति की दो पत्नियों के बीच घूमती है। परिवार के दादा जी जब देखते हैं कि उनका शादीशुदा बेटा एक नाचने-गाने वाली से भी शादी कर चुका है, तो वे उसे घर से निकाल देते हैं। दूसरी पत्नी का बेटा मनोज तिवारी अपनी मां के साथ हुई नाइंसाफियों का बदला लेता है। एक के बाद एक कई हत्याएं करते हुए वह जब परिवार के अंतिम वारिस को खत्म करने का व्यूह रचता है, तब उसके सामने गंगा दीवार बनकर खड़ा हो जाता है। गंगा शहर का बेताज बादशाह जैसी हैसियत रखता है। वह चाहता है कि दोनों के बीच की लड़ाई को खत्म कर कोई अच्छा रास्ता निकाला जाए। इसमें मैंने गंगा का रोल किया है। मुझ पर एक गाना भी फिल्माया गया है।
कैसा अनुभव रहा भोजपुरी फिल्म में काम करने का ?
बहुत मजा आया। स्कूल के दिनों में मेरे कुछ उत्तर भारतीय दोस्त भी थे, इसलिए भोजपुरी मेरे लिए बहुत मुश्किल नहीं थी। इस फिल्म के लिए डबिंग करते हुए मैंने महसूस किया कि भोजपुरी दुनिया की सबसे मीठी बोली है।
हिंदी फिल्मों में नया क्या हो रहा है?
हरी पुत्तर में मेरे किरदार को लोगों ने पसंद किया है। वैसे तो मेरी बहुत-सी फिल्में अंडर प्रोडक्शन हैं, लेकिन मुझे फर्स्ट फिअॅर की रिलीज की प्रतीक्षा है। एक और फिल्म तीन पत्ती है। इसके अलावा, फिल्म कुरबानी भी साइन की है।
-ऐश्वर्या