तारे जमीं पर फिर नहीं बनेगी

तारे जमीं पर फिर नहीं बनेगी

दक्षिण भारतीय फिल्मों में अपने आकर्षण से लगभग पांच साल तक दर्शकों को सम्मोहित करने वाली असिन थोत्तुमकल हिंदी फिल्मों में भी अपनी शानदार पारी की शुरुआत कर चुकी हैं। बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए सोपान बना चुकी गजनी में मंजे हुए अभिनेता आमिर खान की मौजूदगी में असिन ने दर्शकों पर न केवल अपनी खूबसूरती,बल्कि अभिनय का ऐसा जादू चलाया कि उनमें भविष्य की स्टार अभिनेत्री की झलक देखी जाने लगी। इन दिनों वे अपनी दूसरी हिंदी फिल्म लंदन ड्रीम्स की शूटिंग में व्यस्त हैं। पिछले दिनों असिन से हुई मुलाकात में हमने उनकी पसंदीदा फिल्म के बारे में बात की, तो उन्होंने बताया।

चूंकि मैं दक्षिण भारतीय हूं, इसलिए सभी को लगता होगा कि मेरी पसंदीदा फिल्म मलयालम, तमिल या तेलगू भाषा में बनी कोई फिल्म होगी, लेकिन ऐसी बात नहीं है। मेरी पसंदीदा फिल्म है आमिर खान की ही तारे जमीं पर। यह मैं बिना किसी हिचकिचाहट के साथ कह सकती हूं कि वर्षो तक यह मेरी पसंदीदा फिल्म रहेगी। ऐसा इसलिए नहीं कह रही हूं कि यह आमिर खान प्रोडक्शन की फिल्म है या फिर इसे हिंदी फिल्मों में मेरे पहले सह-कलाकार आमिर खान ने निर्देशित किया है। तारे जमीं पर मेरे लिए बेहद स्पेशल फिल्म है। इसे मैं जब भी देखती हूं, तो ऐसा लगता है, जैसे मैं भावनाओं के गहरे सागर में डूबी जा रही हूं। जब भी इसे देखती हूं, आम दर्शकों की तरह कई दृश्यों में मेरी आंखें नम हो जाती हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि तारे.. हमारे जमाने की फिल्म है। इससे पहले भी कई बेहतरीन फिल्में बनी हैं, लेकिन किसी फिल्म ने इस कदर मुझे प्रभावित नहीं किया है। मेरे लिए यह गर्व की बात है कि इस बेहतरीन फिल्म के निर्माता, निर्देशक और अभिनेता आमिर खान के साथ मुझे अपनी पहली हिंदी फिल्म में अभिनय करने का अवसर मिला। वास्तव में, ऐसी बेहतरीन फिल्म बार-बार नहीं बनती। मेरी दूसरी पसंदीदा फिल्म है रंग दे बसंती। इसे भी मैंने कई बार देखी है और जब भी देखती हूं, इसका नया पहलू उभरकर सामने आ जाता है।

मुंबई प्रतिनिधि

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(1) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित