सारे अवार्ड अलमारी में लॉक हैं: असिन

सारे अवार्ड अलमारी में लॉक हैं: असिन

असिन को हिंदी सिनेमा की नई सनसनी माना जा रहा है। लंबे समय बाद दक्षिण से आई इस अभिनेत्री ने अपना सिक्का जमा लिया है। पहले आमिर और अब, सलमान व अजय के साथ लंदन ड्रीम्स में आ रही असिन टॉप फाइव हीरोइनों में शामिल हो गई हैं।

भाषा की दीवार तोड़कर हिंदी फिल्मों में प्रवेश करने वाली दक्षिण भारतीय अभिनेत्रियों की परंपरा को असिन ने नया आयाम दिया है। गजनी में असिन ने दर्शकों पर अपनी खूबसूरती और अभिनय का ऐसा जादू चलाया कि वे देखते-ही-देखते बॉलीवुड की स्टार अभिनेत्री बन गईं। वे हिंदी फिल्मों के दो शीर्ष के अभिनेताओं अजय देवगन और सलमान खान के साथ लंदन ड्रीम्स में अपने आकर्षण से दर्शकों को सम्मोहित करेंगी। वहीं निर्देशक आशुतोष गोवारीकर ने अपनी नई फिल्म खेलें हम जी जान से में अभिषेक बच्चन के साथ उन्हें साइन किया है। तेजी से लोकप्रियता की सीढि़यां चढ़ रहीं असिन से बातचीत-

गजनी की रिलीज के बाद आप भी हिंदी फिल्मों की बड़ी अभिनेत्रियों में शामिल हो गई हैं। कैसा महसूस होता है?

जब ऐसी बातें की जाती हैं, तो लगता है, जैसे मैं किसी हॉर्स रेस का हिस्सा हूं। मैं नंबर गेम में यकीन नहीं करती। बस, अपना काम सही तरीके से करने की कोशिश करती हूं। आप जब अपना काम डेडिकेशन और ईमानदारी से करते हैं, तो फेम, सक्सेस और एप्रिसिएशन खुद-ब-खुद मिलने लगता है। मुझे तो याद भी नहीं कि अभी तक मुझे कितने अवार्ड मिले हैं। मेरे अवार्ड ड्राइंगरूम की बजाय घर की अलमारी में लॉक हैं। मैं खुद को नॉर्मल लड़की ही मानती हूं। हां, लकी जरूर हूं कि मुझे अच्छी फिल्मों में परफॉर्म करने का मौका मिला है।

दक्षिण भारत में तो आप पहले से ही पॉपुलर थीं। पिछले एक वर्ष में उत्तर भारत के दर्शकों की दीवानगी को भी आपने महसूस किया होगा?

नॉर्थ इंडिया में गजनी ब्रांड बन चुका है। मुंबई के अलावा जहां भी जाती हूं गजनी की कल्पना और असिन का शोर सुनने को मिलता है। लंदन ड्रीम्स की शूटिंग के सिलसिले में एक दिन के लिए पंजाब गई थी। रेलवे स्टेशन पर शूटिंग कर रही थी। वहां बहुत सारे लोग इकट्ठा हो गए थे। लोग पेड़ की टहनियों पर और घरों की छत पर भी थे। कुछ लोग रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर चिल्ला रहे थे.. कल्पना! असिन! असिन!। मैं पंजाब में इतनी पॉपुलर हूं, इसका अंदाजा मुझे नहीं था। अपने प्रति लोगों की ऐसी दीवानगी देखकर अच्छा लगता है।

लंदन ड्रीम्स रिलीज के लिए तैयार है। गजनी की कल्पना से कितनी अलग है लंदन ड्रीम्स की प्रिया?

लंदन ड्रीम्स की प्रिया गजनी की कल्पना से बेहद अलग है। कल्पना मुंबई में पली-बढ़ी गर्ल नेक्स्ट डोर थी, जबकि प्रिया लंदन में पली-बढ़ी लड़की है। प्रिया के व्यक्तित्व के दो पहलू हैं। घर पर वह काफी पारंपरिक है, पर घर से बाहर निकलते ही उसका अंदाज बदल जाता है। प्रिया खुद को म्यूजिक और डांस से एक्सप्रेस करती है। बेसिकली लंदन ड्रीम्स एक म्यूजिकल बैंड के सदस्यों के आपसी रिश्तों की कहानी है। प्रिया भी इस बैंड की सदस्य है।

अजय देवगन और सलमान खान जैसे सीनियर अभिनेताओं का साथ कैसा रहा?

दोनों के साथ काम करने का बहुत अच्छा एक्सपीरिएंस रहा। दोनों बहुत अच्छे एक्टर तो हैं ही, साथ ही अच्छे इंसान भी हैं। उनसे बातें करना अच्छा लगता है। सलमान केयरिंग हैं। वे अपने को आर्टिस्ट का खयाल रखते हैं। अजय और सलमान के बीच भी अच्छी बॉन्डिंग है। दोनों इससे पहले साथ में हम दिल चुके सनम कर चुके हैं। स्कूल के दिनों में मैं उस फिल्म के गाने सुना करती थी।

विपुल शाह हिंदी फिल्मों के बड़े निर्देशक हैं। लंदन ड्रीम्स की शूटिंग के दौरान उनकी किन विशेषताओं ने आपको प्रभावित किया?

विपुल क्वालिटी फिल्म मेकर हैं। वे बेहद अच्छे ऑर्गेनाइजर हैं। किस तरह सिचुएशन को हैंडल किया जाता है, उन्हें बखूबी पता है। वे आर्टिस्ट को कंफर्टेबल बनाते हैं। ऐसा माहौल क्रिएट करते हैं, जिससे यूनिट का हर सदस्य अपने काम के प्रति गंभीर हो जाता है। लंदन ड्रीम्स की शूटिंग के दौरान खाली वक्त में हम सब एक राउंड टेबलके इर्द-गिर्द बैठते थे। सलमान, अजय, मैं, विपुल, रणविजय और आदित्य उस टेबल के इर्द-गिर्द बैठकर चैट करते थे। लंच ब्रेक के दौरान फूड शेयर करते थे।

पिछले दिनों आपके अस्पताल में भर्ती होने की खबर आई थी। अब आपकी तबीयत कैसी है?

हां, दो-तीन दिन हालत काफी खराब थी। अब, ठीक हूं। मुझे साइनस की प्रॉब्लम थी। जब हम लंदन ड्रीम्स की शूटिंग कर रहे थे, तभी लगा था कि मुझे इन्फेक्शन हो गया है। रात के शूटिंग शेड्यूल के दौरान मेरी तबीयत खराब होनी शुरू हुई थी। स्पेशल इफेक्ट वाले कैमरे से निकलने वाली रोशनी मुझे हीट कर रही थी। शाम को मुझे बुखार हो जाता था। डॉक्टर को दिखाया, तो उसने तुरंत ऑपरेशन करने की सलाह दी। एक दिन हॉस्पिटल में भी रही। मगर अब पूरी तरह से स्वस्थ हूं।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(0) वोट का औसत

average:0
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित