
अभी करीना कपूर और अक्षय कुमार की जोड़ी की खूब चर्चा है। चर्चा की वजह है इन दोनों की रिलीज हुई फिल्म कमबख्त इश्क। दोनों ने फिल्म में अच्छा काम किया है, यह तो इन दोनों के लिए अच्छी बात है ही। इसके साथ ही यह भी चर्चा होने लगी है कि दोनों की साथ वाली यह पहली फिल्म है, जिसे दर्शकों ने पसंद किया है, साथ ही फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन भी कमाल कर गया। फिल्मों में कई बार अक्षय-करीना की जोड़ी दिखी है, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी।
करीना की दुनिया : फिल्मी दुनिया में बेबो के नाम से चर्चित करीना का अभिनय सफर शुरुआती दौर से ही कुछ अजीबोगरीब रहा है। उनके फिल्मोग्राफी पर नजर दौड़ाएं, तो यह बात साफ हो जाती है कि वे बड़ी फिल्मों की हीरोइन हमेशा बनती आई, लेकिन उन्हें सफलता कितनी फिल्मों में मिली, यह बात गौर करने वाली है। देखें, तो करीना की अभी तक कुल अठाईस फिल्में आई हैं, जिनमें से पांच फिल्में मुझे कुछ कहना है, कभी खुशी कभी गम, जब वी मेट, गोलमाल रिटर्न्स और कमबख्त इश्क सफल हैं। इनमें से बस कभी खुशी कभी गम ही ऐसी फिल्म थी, जिसमें उनके काम को औसत कहा जा सकता है, शेष सभी में वे अपनी मौजूदगी का अहसास पूरा-पूरा कराती हैं। वे अभिनेत्री तो कमाल की हैं ही, उनके ऊपर किसी फिल्म की फ्लॉप का कोई असर कभी नहीं हुआ। उनकी फिल्मों की असफलता से उनकी प्राइस में भी कभी कोई कमी नहीं आई। फिल्म-दर-फिल्म उनकी प्राइस बढ़ती गई और निर्माता उन्हें फिल्मों में लेने के लिए पलकें बिछाए बैठे रहे। करीना फिल्म कमबख्त इश्क की सफलता से खुश हैं।
अक्षय की सफलता : अब तक छोटी-बड़ी भूमिका वाली कुल चौरासी फिल्मों में काम कर चुके खिलाड़ी नाम से मशहूर अक्षय कुमार की ढेर सारी फिल्में सफल हुई हैं। उनका करियर भी अभी तक हिचकोले खाता, लेकिन ठीकठाक आगे बढ़ रहा है। वे फिल्मी दुनिया में कुछ वर्ष तक खुद को जरूर बनाए रखेंगे। देखें, तो अक्षय और करीना की साथ वाली कमबख्त इश्क पहली फिल्म है, जिसे सफलता मिली है। इससे पहले ये दोनों अजनबी, तलाश, ऐतराज, बेवफा, दोस्ती और टशन में साथ आए थे। इनकी जोड़ी वाली सातवीं फिल्म है कमबख्त इश्क। अक्षय अपनी पिछली रिलीज कुछ बड़ी फिल्मों की असफलता से हताश और निराश थे। ऐसा किसी भी सितारा हीरो के साथ होता है, जब उसकी एक के बाद एक फिल्में असफल होती हैं, लेकिन अब अक्षय के मुरझाए चेहरे पर रौनक दिखने लगी है। ऐसा होने की दो वजह हैं। एक तो कुछ फिल्मों की असफलता झेलने के बाद की मिली सफलता और दूसरी वजह है कि अभी तक करीना के साथ उनकी जोड़ी वाली फिल्में सफल नहीं हुई थीं। कमबख्त इश्क की सफलता ने इस अपशकुन को भी खंडित कर दिया।
अक्षय की सही जोड़ीदार : करीना और अक्षय के अभिनय सफर पर नजर दौड़ाएं, तो ऐसा नहीं लगता कि इनकी जोड़ी पर्दे पर किसी हीरो या हीरोइन के साथ खास बनी है। इन दोनों के जोड़ीदार के रूप में पर्दे पर जो भी कलाकार आए, वे इनके साथी अभिनेता ही लगे। पर्दे पर इन दोनों के साथ किसी भी हीरो-हीरोइन को देखकर दर्शक कभी उस तरह से रोमांचित नहीं हुए, जैसे धर्मेद्र-हेमा मालिनी या अमिताभ बच्चन-रेखा की जोड़ी या इनसे भी पहले की कई चर्चित जोड़ी को पर्दे पर देखकर होते थे। हां, इधर आकर अक्षय की जोड़ीदार के रूप में कैटरीना कैफ जिन फिल्मों में आई हैं, फिल्म को इनकी जोड़ी को अच्छी सफलता और चर्चा मिली है।
अक्षय-कैटरीना की जोड़ी : देखें, तो अक्षय-कैटरीना की जोड़ी वाली अब तक चार फिल्में हमको दीवाना कर गए, नमस्ते लंदन, वेलकम और सिंह इज किंग आई हैं। अच्छी बात यह है कि ये फिल्में अच्छी गई। लोगों ने इन्हें पसंद किया। आगे भी निर्माता इन दोनों को अपनी फिल्मों में दोहरा रहे हैं। कैटरीना-अक्षय की साथ वाली दो फिल्में आएंगी। एक है प्रियदर्शन निर्देशित दे दना दन और दूसरी है एंथनी डी-सूजा की ब्लू। उम्मीद की जा रही है कि अक्षय-कैटरीना की साथ वाली ये फिल्में भी लोगों को लुभाएंगी।