
हाल ए दिल प्रेम त्रिकोण को एक नए नजरिए से दर्शकों के समक्ष पेश करेगी। इस फिल्म की अभिनेत्री अमिता मशहूर निर्माता कुमार मंगत की पुत्री हैं। शेखर सुमन के सुपुत्र अध्ययन सुमन और नवोदित अभिनेता नकुल मेहता भी अपनी फिल्मी पारी की शुरूआत हाल ए दिल से कर रहे हैं। इस तरह तीन नवोदित कलाकारों का भविष्य हाल ए दिल से जुड़ा है। हाल ए दिल के निर्देशन की बागडोर अजय देवगन के भाई अनिल देवगन ने संभाली है जो इससे पहले राजू चाचा और ब्लैकमैल जैसी असफल फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।
हाल ए दिल की कहानी के केंद्र में संजना, शेखर और रोहित हैं। संजना के लिए प्यार एक पवित्र एहसास है। उसके लिए प्यार जिंदगी का हिस्सा नहीं है बल्कि स्वयं जिंदगी है। शेखर हर दूसरी लड़की से आपने प्यार का इजहार कर देता है। हालांकि, शेखर को पता है कि जल्द ही उसकी मुलाकात ऐसी लड़की से होने वाली है जो उसके अस्तित्व को बदल कर रख देगी। रोहित प्यार की गहराई में इतना डूब जाता है कि उसके लिए सीमाएं या सरहदें कोई मायने नहीं रखती है। किसी भी हद तक जाकर वो अपना प्यार पाना चाहता है। इन तीन युवाओं और प्यार को लेकर उनके अलग नजरिए और एहसास की कहानी है-हाल ए दिल।
-सौम्या अपराजिता