
कल किसने देखा फिल्म से जाने-माने निर्माता वाशु भगनानी के बड़े बेटे जैकी भगनानी अभिनय में कदम रख रहे हैं। उन्होंने फिल्म के लिए लगभग 70 किग्रा अपना वजन कम किया है। इसके निर्देशक विवेक शर्मा हैं। पिछले वर्ष उन्होंने भूतनाथ फिल्म बनायी थी। यह फिल्म एक मई को प्रदर्शित होने वाली थी, लेकिन निर्माताओं, वितरकों और मल्टीप्लेक्स मालिकों के विवाद केचलते रूक गयी।
कल किसने देखा यंग रोमांटिक थ्रिलर है। फिल्म के नायक निहाल सिंह (जैकी भगनानी) के पास ईश्वर प्रदत्त आने वाले कल को देखने की शक्ति है, जिससे वह अंजान है। निहाल चंडीगढ़ से मुंबई पढ़ाई के लिए जाता है। वह मासूम, लेकिन बहुत बातूनी है। कॉलेज में उसकी मुलाकात बड़े घराने की बिगडै़ल लड़की मीशा (वैशाली देसाई) से होती है। उसे वह अपना दिल दे बैठता है, लेकिन मीशा उसे अपने स्तर का नहीं समझती। एक रात निहाल स्वप्न में देखता है कि मीशा की जान खतरे में है। अगले दिन वह उसे बचा तो लेता है, लेकिन इसके साथ ही आने वाले कल को देखने की उसकी शक्ति जग जाहिर हो जाती है। निहाल की उस शक्ति का कोई दुरूपयोग करने की कोशिश करता है, जिससे वह अंजान है। नायिका की भूमिका निभा रही वैशाली देसाई की भी यह पहली फिल्म है। इस फिल्म में संजय दत्त, जूही चावला, रितेश देशमुख जैसे बड़े कलाकारों ने मेहमान भूमिकाएं निभायी हैं।
-रघुवेन्द्र सिंह