
सब्बीर खान के निर्देशन में बनी कमबख्त इश्क के निर्माता साजिद नाडियाडवाला हैं। साजिद नाडियाडवाला की फिल्में बड़े पैमाने पर भव्य तरीके से निर्मित होती हैं। बजट की कोई सीमा नहीं रहती। साजिद की फिल्मों में दर्शकों के लिए कुछ नया और अनोखा जरूर रहता है।
कमबख्त इश्क में हिंदी फिल्मों सितारों के साथ हालीवुड के भी कुछ मशहूर स्टार हैं। फिल्म में अक्षय कुमार स्टंट मैन विराज की भूमिका में हैं। विराज के लिए शादी और वफादारी फालतू शब्द हैं। वह मस्ती और ऐय्याशी में यकीन करता है। दूसरी तरफ सिमरित का मानना है कि पुरुष तो जन्मजात पराजित होते हैं। वे लड़कियों के दम पर ही कुछ कर पाते हैं, फिर भी वे लड़कियों को उचित सम्मान नहीं देते। विरोधी मिजाज के ऐसे दो व्यक्ति टकराएंगे तो निश्चित ही ंिचंगारी फूटेंगी। कमबख्त इश्क में ये चिंगारियां ही बाद में मोहब्बत में तब्दील होती है।
कमबख्त इश्क पूरी तरह से मसाला फिल्म है। रोमांस और एक्शन से भरी इस फिल्म में करीना कपूर और अक्षय कुमार की शानदार जोड़ी है।
-अजय ब्रह्मात्मज