
अलादीन नए अवतार में भारत आ गया है। अब वह हिंदी बोलने लगा है। उसका नया नाम अलादीन चटर्जी है। इस अवतार में भी उसकी मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। कासिम और उसके दोस्त उसे सताते रहते हैं। वह सहमा और डरा हुआ रहता है। जस्मीन उसे एक जादुई चिराग देती है। इस चिराग में जिन्न की आत्मा है। अरे हां, जिन्न भी अब जीनियस कहलाना पसंद करता है। उसका अंदाज किसी राक स्टार से कम नहीं है। अलादीन की जिंदगी का सबसे बड़ा कांटा रिंग मास्टर है, क्योंकि वह अलादीन की हत्या करना चाहता है। देखना है कि रिंग मास्टर और जिन्न के बीच कैसा घमासान होता है?
जिन्न और अलादीन की इस आधुनिक कहानी में अमिताभ बच्चन जीनियस हैं और रितेश देशमुख, अलादीन चटर्जी की भूमिका निभा रहे हैं। इस फिल्म के लिए अमिताभ बच्चन ने खास गेटअप धारण किया है और लुक पर विशेष ध्यान दिया है। रितेश की यह सोलो हीरो फिल्म है, हालांकि साथ में संजय दत्त और अमिताभ बच्चन हैं। फिल्म में स्पेशल इफेक्ट का भरपूर प्रयोग किया गया है।
बाल दिवस के एक पखवाड़े पहले रिलीज हो रही इस फिल्म की फंतासी बच्चों को पसंद आ सकती है।
विधा- चिल्ड्रेन फैंटेसी
-अजय ब्रह्मात्मज