
जन्मदिन- 21 सितंबर 1981
जन्मस्थान- कोलकाता
कद- 5 फुट 5 इंच
प्रियदर्शन निर्देशित हंगामा से फिल्मी दुनिया में प्रवेश करने वाली बंगाली बाला रिमी सेन ने थोड़े से अंतराल में ही अपना नाम हिन्दी फिल्मों की सफल अभिनेत्रियों मे शुमार करा लिया है। अभिनेत्री बनने का सपना आंखों में लिए रिमी ने कोलकाता से मुंबई का रुख किया। शुरूआती संघर्ष के बाद उन्हें मॉडलिंग जगत से जुड़ने का मौका मिला। एक टेलीविजन कमर्शियल के विज्ञापन की शूटिंग के दौरान रिमी की मुलाकात प्रियदर्शन से हुई और उन्होंने रिमी को हंगामा के लिए साइन कर लिया। उसके बाद तो रिमी के पास बड़े बैनर की फिल्मों के ऑफर्स की झड़ी-सी लग गयी। यशराज बैनर की धूम, रवि चोपड़ा की बागबान, साजिद नाडियाडवाला की दीवाने हुए पागल रिमी सेन के छोटे से फिल्मी कैरियर की उल्लेखनीय उपलब्धियां हैं। अभी तक के अपने फिल्मी कैरियर में कई बड़े बैनर और स्थापित अभिनेताओं के साथ काम करने का अवसर पाने वाली रिमी सेन को यूं तो स्टार अभिनेत्री का दर्जा नहीं प्राप्त है लेकिन, वे कई प्रतिष्ठित निर्माता-निर्देशकों की पसंद जरूर बन चुकी हैं। जहां एक्शन दृश्यों से भरपूर धूम में रिमी ने अपनी हल्की-फुल्की भूमिका में दर्शकों को हंसने पर मजबूर किया वहीं, पिछले वर्ष प्रदर्शित जॉनी गद्दार में साजिशों की शिकार एक आम लड़की की भूमिका को भी उन्होंने संजीदगी से जिया। हालांकि, रिमी की फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे भी गाड़े हैं, पर इन फिल्मों की सफलता के श्रेय से रिमी वंचित ही रहीं हैं। लगातार बड़े बैनर की फिल्में कर रहीं रिमी आज भी दूसरी श्रेणी की अभिनेत्रियों में ही शुमार होती हैं।
करियर की मुख्य फिल्में
2003- हंगामा- अंजली
2003- बागबान- पायल मल्होत्रा
2004- धूम- मिसेज स्वीटी दीक्षित
2005- गरम मसाला- अंजली
2005- क्योंकि..- माया
2005- दीवाने हुए पागल- तान्या
2006- फिर हेरा फेरी- अंजली
2006- गोलमाल- निराली
2007- हैट्रिक- कश्मीरा
2007- जॉनी गद्दार- मिनी
आने वाली फिल्में- ई निवास निर्देशित दे ताली।
-सौम्या अपराजिता