
आमतौर पर फिल्म इंडस्ट्री की हर दूसरी हीरोइन यही कहती पाई जाती हैं कि उन्हें मीना कुमारी और नरगिस की तरह एक्टिंग में अपना नाम रोशन करना है और इसके लिए पॉवरफुल रोल से लेकर परफॉर्मेस तक की बातें की जाती हैं, लेकिन हकीकत कुछ और ही होती है। दरअसल, एक्सपोजर के इस मौसम में चंद हीरोइनें ही ऐसी हैं, जिन्हें एक्टिंग से कुछ वास्ता होता है, लेकिन अमृता अरोड़ा उस वर्ग की हीरोइनों में शुमार हैं, जो ग्लैमरस रोल करती हैं और सेक्स सिंबल बनना उन्हें पसंद है। अब ऐसे में अगर कोई अमृता से सीरियस एक्टिंग की बात करने लगे, तो सोचिए क्या होगा? सूत्रों के हवाले से मिली एक खबर के अनुसार, एक डायरेक्टर ने हाल ही में यही गुस्ताखी कर दी, जिनकी फिल्म में अमृता अरोड़ा काम कर रही हैं। जानकारी के अनुसार, शूटिंग के दौरान डायरेक्टर साहब चाहते थे कि अमृता एक सीन में सीरियस एक्टिंग करें और जब डायरेक्टर साहब ने बार-बार सीरियस एक्टिंग की बात की, तो जैसा कि यूनिट से जुड़े लोग बताते हैं कि अमृता का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने दो टूक शब्दों में डायरेक्टर साहब को यह समझा दिया कि अगर वे सीरियस एक्टिंग कराना चाहते हैं, तो शौक से किसी और हीरोइन को कास्ट करें। अमृता का मानना है कि उन्होंने कभी सीरियस एक्ट्रेस होने का दावा नहीं किया।
दरअसल, वे अपनी ग्लैमरस इमेज से बहुत खुश हैं और इसीलिए हमेशा ऐसे ही रोल स्वीकार करती हैं, जहां एक्टिंग की जरूरत नहीं होती। अब डायरेक्टर साहब को असली बात समझ में आ गई होगी। हीरोइनों से सीरियस एक्टिंग की उम्मीद करने वाले निर्देशक हो सकता है कि अमृता की खूब खिंचाई करें, लेकिन हकीकत में उनकी तारीफ करनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने ईमानदारी से सच्चाई कबूल तो की। वैसे भी एक्टिंग जानने और समझने वाली हीरोइनों को ढूंढना कोई आसान काम नहीं है!
मुंबई प्रतिनिधि