
अमृता अरोड़ा का नाम जुबान पर आते ही मन में आ जाती है एक ऐसी अभिनेत्री की तस्वीर, जो ग्लैमरस अंदाज वाली है। अमृता और पाकिस्तान मूल के ब्रिटिश क्रिकेट खिलाड़ी उस्मान की लव स्टोरी से फिल्म इंडस्ट्री भलीभांति परिचित है। दरअसल, कई वर्षो से चल रही इस लव स्टोरी के बारे में अब कहा यही जा रहा है कि यह जोड़ी शादी के बंधन में बंधने की तैयारी में जुट गई है। मिले संकेतों के मुताबिक, अगले साल मार्च तक अमृता और उस्मान अपना घर बसा लेंगे। वैसे, अमृता के एक करीबी एक्टर दोस्त के हवाले से एक खबर सामने आई है, जिसमें कहा यह गया है कि अमृता और उस्मान के बीच शादी को लेकर मामला लगभग तय हो गया है।
दरअसल, उस्मान के माता-पिता, जो लंदन में ही रहते हैं, ने इसके लिए हरी झंडी दिखा दी है। माना यह जा रहा है कि अमृता का परिवार पहले ही इस रिश्ते को मंजूरी दे चुका है। सूत्रों से यह भी पता चला है कि शादी लंदन में होने की संभावना है और शादी में शामिल होने के लिए हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से चुनिंदा मेहमान ही लंदन जाएंगे, जिनमें सलमान खान का पूरा परिवार अवश्य होगा। वैसे, दूसरी ओर अमृता की एक निर्माणाधीन फिल्म के निर्माता ने भी इस बात को माना है कि अमृता ने उन्हें जल्दी से जल्दी फिल्म की शूटिंग पूरी करने के लिए कहा है। अगर उनका काम नहीं हुआ, तो फिल्म पूरी होने में देर हो जाएगी। गौरतलब बात यह भी है कि अमृता ने एक बात बहुत पहले कही थी कि वे शादी के बाद फिल्मों में काम करना पसंद नहीं करेंगी। उन्होंने यह तर्क जरूर दिया था कि शादी के बाद जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं, लेकिन उन्होंने साथ में यह भी जोड़ा था कि इस बारे में अंतिम फैसला उस्मान के साथ मिलकर ही तय करेंगी कि आगे फिल्मों में काम करना है या नहीं!
उल्लेखनीय है कि अमृता की बहन मलाइका अरोड़ा ने भी सलमान खान के भाई अरबाज खान के साथ शादी के बाद काफी लंबा ब्रेक लिया था, लेकिन बाद में उन्होंने अपना करियर आगे बढ़ाया। उम्मीद यही की जाती है कि शादी के बाद अमृता कुछ दिनों तक हनीमून मनाएंगी और दोबारा फिल्मों में लौट आएंगी। वैसे, अब देखना यह है कि शादी की तारीख की घोषणा अमृता लोगों के सामने कब करती हैं!
-मुंबई प्रतिनिधि