
मुंबई। बॉलीवुड की बिंदास बाला अमृता अरोड़ा के लिए नए साल का पहला दिन भले ही ठीक नहीं रहा हो, लेकिन उनके लिए साल की शुरुआत अच्छी हो रही है। उन्हें नए साल का खूबसूरत तोहफा मिल गया है।
नए साल पर जब अमृता बेंगलूर में परफार्म करने गई थीं, तब उन्हें अस्थमा का दौरा पड़ गया था। तब अमृता ने कहा था, बेंगलूर में बड़ा प्रदूषण है। इस तरह नए साल की शुरुआत अमृता के लिए ठीक नहीं रही। लेकिन अब उन्होंने सुहेल खान की फिल्म किसान साइन की है। यह उनके लिए नए साल पर किसी बेहतरीन तोहफे से कम नहीं है।
फिल्म पाकर अमृता बेहद खुश भी हैं। वह कहती हैं, सुहेल के साथ काम करने में बड़ा मजा आता है। मुझसे तो इस फिल्म के लिए जरा भी इंतजार नहीं हो पा रहा। इंतजार तो हमसे भी नहीं हो रहा है, यह जानने के लिए कि आखिर इस फिल्म की कहानी क्या होगी? लेकिन अमृता फिलहाल कुछ नहीं कह रही हैं। लिहाजा फिलहाल अटकलें ही लगा सकते हैं कि इस फिल्म का देश में किसानों की स्थिति से कुछ लेना-देना होगा या फिर फिल्म मसालेदार होगी।