महबूबा में मनीषा करेंगी कमाल!

महबूबा में मनीषा करेंगी कमाल!

कभी अपने दमदार अभिनय और खूबसूरती के दम पर हिंदी फिल्मों की शीर्ष अभिनेत्रियों में शुमार रहीं मनीषा कोइराला के लिए बीते कुछ वर्ष दुखदाई रहे। उनके फिल्मी करियर ने कई उतार-चढ़ाव देखे। एक वक्त ऐसा भी आया, जब फिल्मों के गलत चुनाव के कारण वे गुमशुदा अभिनेत्रियों की श्रेणी में चली गई। कई वर्षो तकमुख्यधारा से दूर रहीं मनीषा दोबारा रुपहले पर्दे पर दस्तक दे रही हैं। हालांकि इस बार वे पूरी सावधानी बरत रही हैं। दूसरी पारी की शुरुआत उन्होंने सिर्फ से की। छोटे बजट में बनी इस फिल्म में अपने हिस्से की भूमिका के साथ न्याय करने के बाद अब मनीषा अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर सचेत हो गई हैं।

मनीषा की आने वाली फिल्मों की सूची से इस बात की जानकारी मिलती है कि वे भाषा की दीवार तोड़ते हुए अब गुणात्मक फिल्मों की ओर अग्रसर हैं। बांग्ला फिल्मों के प्रतिभाशाली निर्देशक रितुपर्णो घोष का उन्हें साथ मिला है। उन्होंने अपनी फिल्म खेला में मनीषा को एक दमदार भूमिका दी है। वैसे, अच्छी भूमिकाओं केलिए तरस रहीं मनीषा भी रितु की फिल्म पाकर उत्साहित हैं।

खेला के अतिरिक्त एक और फिल्म महबूबा में मनीषा दर्शकों के लिए उपलब्ध होंगी। वर्षो से अटकी हुई फिल्म महबूबा अब प्रदर्शन के लिए तैयार है। इसमें संजय दत्त और अजय देवगन जैसे सितारों के साथ मनीषा की सहज अदायगी और खूबसूरती को रुपहले पर्दे पर निहारने का मौका उनके प्रशंसकों को मिलेगा। दीपा मेहता निर्देशित अंग्रेजी फिल्म एक्स्क्लूजन को लेकर भी मनीषा बेहद उत्साहित हैं। वे पार्थो घोष निर्देशित एक सेकॅन्ड, जो जिंदगी बदल दे भी कर रही हैं, जिसमें उनके साथ मोअम्मर राणा, जैकी श्रॉफ आदि हैं। इस फिल्म की शूटिंग पिछले दिनों गोवा में हुई है। कुल मिलाकार मनीषा एक बार फिर अपने फिल्मी करियर को सही दिशा देने की कोशिश कर रही हैं। वे नई उमंगों के साथ दोबारा दर्शकों को प्रभावित करने आ रही हैं इन फिल्मों के जरिए। क्या पता, वर्षो से अटकी पड़ी महबूबा कोई कमाल कर जाए और इन सकारात्मक प्रयासों की बदौलत मनीषा को उनके हिस्से की प्रशंसा और प्रसिद्धि दोबारा हासिल हो जाए!

-सौम्या अपराजिता

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(6) वोट का औसत

average:3.333334
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित