
चर्चित फिल्म गजनी से आउट होने के बाद कंगना राणावत अपने गुस्से का इजहार अब खुलकर करने लगी हैं। उनके ऐसा करने की वजह है आमिर खान अभिनीत इस फिल्म में उनकी जगह जिया खान की एंट्री। दरअसल, गजनी में आमिर की हीरोइन के लिए दक्षिण भारत की टॉप हीरोइन असिन के साथ कंगना को लेने की योजना बनी थी। सारी औपचारिकता पूरी हो गई थी, लेकिन ऐन वक्त पर वह भूमिका जिया के हाथ लग गई। दरअसल, हुआ यह कि कंगना ने औपचारिक घोषणा से पहले ही एक इंटरव्यू के दौरान गजनी में काम करने का जिक्र मीडिया के सामने कर दी थी। उनके इस अनप्रोफेशनल रवैए से आमिर नाराज हो गए और उन्होंने तुरंत कंगना को गजनी से बाहर का रास्ता दिखा दिया। अब आलम यह है कि कंगना के पास पछताने के अलावा और कोई रास्ता ही नहीं बचा है। दरअसल, जब-जब उन्हें गजनी की याद आती है, उनका गुस्सा उनके चेहरे पर झलकने लगता है। पिछले दिनों राज 2 की शूटिंग के दौरान कंगना ने अपने साथी कलाकारों के साथ इस बारे में न केवल चर्चा की, बल्कि जिया को इस बारे में जिम्मेदार भी बताया। उनके द्वारा कही गई बातें जब जिया के कानों में पड़ीं, तो वे गुस्सा गई। जिया ने तुरंत कंगना को फोन मिलाया और कहा, मेरे बारे में फालतू बातें करने की जरूरत नहीं है। दरअसल, आमिर के साथ फिल्म में काम न कर पाने का मलाल कंगना को आज भी है। वे जानती हैं कि गजनी में काम करने का मौका उनके हाथ से जाना करियर के लिए ठीक नहीं है। वैसे, कंगना को भी समझना चाहिए कि अब पछताए होत क्या..?
-मुंबई प्रतिनिधि