
युवा अभिनेता शाहिद कपूर की फिल्म याहू की को-स्टार जिया खान ने एक नई मुसीबत खड़ी कर दी है। सुनने में आया है कि निर्देशक केन घोष अपनी फिल्म याहू में जिया पर फिल्माए गए कुछ दृश्यों से खुश नहीं हैं, इसीलिए अब वे उन दृश्यों की शूटिंग दोबारा करना चाहते हैं। हालांकि दूसरी ओर जिया शाहिद के साथ दोबारा शूटिंग करने की बात को लेकर बेहद खुश बताई जा रही हैं, लेकिन शाहिद अपने काम से नाखुश नहीं हैं और इसकी वजह साफ है। दरअसल, शाहिद आजकल विशाल भारद्वाज की फिल्म कमीने की शूटिंग में व्यस्त हैं। उनके लिए अपने तयशुदा शेड्यूल से वक्त निकाल पाना मुश्किल है। उस पर से इस फिल्म की शूटिंग के आरंभ से ही शाहिद और जिया की रिअॅल-लाइफ केमिस्ट्री अच्छी नहीं थी। बस, शाहिद ने मन मारकर किसी तरह अपना काम खत्म कर दिया था।
उल्लेखनीय है कि केन घोष की फिल्म याहू में पहले जिया के स्थान पर अभिनेत्री कैटरीना कैफ को लिया गया था, लेकिन कैटरीना ने पहले प्राइस और बाद में तारीख की समस्या बताकर फिल्म से दूरी बना ली। सूत्रों की मानें, तो शाहिद दोबारा जिया के साथ शूटिंग करने की बात से खुश नहीं हैं, लेकिन उनके खास मित्र केन उन्हें मनाने में जुटे हुए हैं। संभव है कि शाहिद केन की बात मान लें और एक बार फिर जिया को शूटिंग के बहाने शाहिद के साथ कुछ वक्त गुजारने का मौका मिल जाए! बहरहाल, कैटरीना के साथ काम करने के सुख से वंचित रह गए शाहिद जिया से क्यों पीछा छुड़ाना चाहते हैं, यह तो वे ही जानें। फिलहाल, निश:ब्द फेम जिया के लिए जल्द ही एक बार फिर याहू कहने का मौका मिलने वाला है।
-मुंबई प्रतिनिधि