
चुलबुली अभिनेत्री प्रीति जिंटा अपनी खूबसूरती और अदाकारी दोनों के लिए समान रूप से जानी जाती हैं। बड़े पर्दे से लेकर हाल में क्रिकेट के मैदान तक उन्होंने जिस कुशलता के साथ अपने अस्तित्व का अहसास कराया, उससे उनके प्रशंसकों की तादाद और बढ़ गई है। पिछले दिनों प्रीति से बात हुई, तो उन्होंने फिल्म वीर जारा के बारे में बातें कीं। वे कहती हैं कि मेरी पसंदीदा फिल्म है यश (चोपड़ा) अंकल की वीर जारा। इसकी वजह यह है कि इसमें मुझे यश अंकल के साथ काम करने का अवसर मिला। मेरे लिए यश अंकल के साथ काम करने का मतलब भगवान के साथ काम करना। वैसे, तो मैंने अपने हर निर्देशक के साथ काम करते हुए एंज्वॉय किया है और मैं सबसे प्यार भी करती हूं, लेकिन यश अंकल का स्थान मेरे जीवन में सबसे अलग है। सच कहूं, तो वीर जारा मेरी जिंदगी की एकमात्र ऐसी फिल्म है, जिसे साइन करने के बाद मैं वाकई बहुत खुश हुई थी। मेरी जिंदगी का वह अनमोल पल था। इस फिल्म को साइन करने के बाद मैंने सचमुच में उस दिन टेबल पर चढ़कर खूब डांस किया था। जितनी खुशी मैंने इस फिल्म को साइन करने के बाद महसूस की थी, उतनी आज तक किसी फिल्म को साइन करने के बाद महसूस नहीं की। इसके निर्माण से जुड़े एक-एक पल मेरे लिए बेहद खास हैं। हम सभी ने सेट पर यश अंकल से काफी कुछ सीखने के साथ ही साथ खूब मौज-मस्ती भी की थी। इसकी शूटिंग का अनुभव मेरे लिए शानदार और यादगार है। यशराज बैनर की यह फिल्म मेरे दिल के बहुत करीब है। इसका सब्जेक्ट, ट्रीटमेंट और प्रस्तुति सब कुछ अनोखा है। यश अंकल की फिल्मों की बात ही कुछ अलग होती है। आज भी जब मैं यश अंकल को फोन करती हूं, तो वे मुझे जारा बेटी ही कहकर बुलाते हैं। वे फोन उठाते ही मुझसे पूछते हैं कि जारा बेटी, आप कैसे हैं? मेरी जारा आजकल क्या कर रही है? मेरी जारा बेटी की तबियत कैसी है? इतना सुनते ही मेरे जेहन में वीर जारा की सारी यादें ताजा हो जाती हैं। इस फिल्म से मेरी बहुत-सी सुहानी यादें जुड़ी हैं। यह फिल्म मेरे लिए हमेशा खास रहेगी।