दीपिका का रोडीज प्रेम

दीपिका का रोडीज प्रेम

अपनी पहली फिल्म ओम शांति ओम से स्टारडम का शिखर छू चुकीं अभिनेत्री दीपिका पादुकोण इन दिनों अजीबोगरीब गेटअप में घूम रही हैं। पहली नजर में वे किसी चीनी सुंदरी जैसी दिखती हैं। दरअसल, दीपिका इन दिनों अपनी नई फिल्म चांदनी चौक टू चाइना के प्रोमोशन में व्यस्त हैं। इस फिल्म में उन्होंने एक चाइनीज गर्ल का रोल किया है। फिल्म में अपनी भूमिका के बारे में ज्यादा कुछ बताने की बजाय वे यह कहकर खुशी जाहिर करती हैं, इस फिल्म में पहली बार मुझे रिअॅल हीरो अक्षय कुमार के साथ काम करने का अवसर मिला है। अक्षय अच्छे ऐक्शन स्टार हैं। फिल्म में अक्षय के साथ मैंने भी कई खतरनाक स्टंट सीन किए हैं। दीपिका आगे बताती हैं, कुछ खतरनाक स्टंट करते समय मैं काफी डर गई थी, लेकिन अक्षय ने मेरे भीतर का डर खत्म कर अपना स्टंट खुद करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसलिए भी यह फिल्म मेरे लिए खास हो गई।

अब बात दीपिका के रोडीज प्रेम की। दरअसल, उनकी इस नई फिल्म के साथ एम टीवी पर प्रसारित रिअॅलिटी शो रोडीज का भी व्यावसायिकअनुबंध हुआ है। यही वजह है कि इन दिनों दीपिका हर जगह रोडीज के एडवेंचर की चर्चा करती फिर रही हैं और इसीलिए वे दिल पर हाथ रखकर स्वीकारती भी हैं, मुझे शुरू से ही यह शो बहुत पसंद है, क्योंकि इसमें जो रोमांच है, वह किसी और टीवी शो में नहीं दिखता। इस बार रोडीज के खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के खतरनाक जंगल, पहाड़, शार्क और मगरमच्छ से भरे समुद्री भागों का भ्रमण करेंगे, जिसका लुत्फ हम ड्राइंग रूम में बैठकर उठाएंगे।

रोडीज के साथ चांदनी.. के जुड़ाव के बारे में बात चलती है, तो दीपिका बताती हैं कि फिल्म चांदनी चौक.. की कहानी भी रोडीज के रोमांचकारी सफर जैसी ही है, जिसे पर्दे पर देखना अच्छा लगेगा। क्या दीपिका अक्षय कुमार के साथ रोडीज के लिए ऑस्ट्रेलिया ट्रिप पर भी जाएंगी? उनका जवाब होता है, शो रोडीज के रोमांचक कारनामों को आंखों से देखने की इच्छा तो है, लेकिन शूटिंग के व्यस्त शेड्यूल को देखते हुए मुश्किल लगता है। अक्षय जाएंगे या नहीं, इस सवाल का जवाब तो वही दे सकते हैं। वैसे, रोडीज के सारे एपिसोड देखने की कोशिश मैं जरूर करूंगी।

-मुंबई प्रतिनिधि

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(9) वोट का औसत

average:3.666666
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित