
अमिताभ बच्चन के अपोजिट फिल्म नि:शब्द में हीरोइन बनने के बाद अभिनेत्री जिया खान को जब दूसरी फिल्म गजनी में आमिर खान के साथ काम करने का मौका मिला, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने फटाफट आमिर के नाम का सहारा लेकर लोकप्रियता बटोरनी शुरू कर दी, लेकिन जिया की वह खुशी अब एकाएक गम में बदल चुकी है। इसकी वजह हैं गजनी की दूसरी अभिनेत्री असिन। दरअसल, आजकल गजनी का प्रचार जोर-शोर से हो रहा है और हर जगह आमिर के बाद असिन ही नजर आ रही हैं। जिया को प्रचार से पूरी तरह से दूर कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, गजनी के निर्माता-निर्देशक की तरफ से जिया को चुप रहने के लिए कहा गया है। यह बात जिया को अपमानजनक लग रही है। वे यह सोच कर परेशान हैं कि आखिर क्यों उन्हें प्रचार से दूर रखा गया, जबकि हिंदी फिल्म के दर्शकों के बीच वे असिन की तुलना में अधिक लोकप्रिय हैं! सूत्रों की मानें, तो जिया से अधिक उनकी मम्मी इस बात से परेशान हैं। उल्लेखनीय है कि गजनी का प्रचार आरंभ होने से पहले ही जिया की मम्मी हर जगह कह रही थीं कि फिल्म में उनकी बेटी का रोल असिन से बड़ा है। साथ ही मम्मी यह जोड़ना भी नहीं भूलती थीं कि जिया ही फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रही है, लेकिन चूंकि अब उनकी बात झूठी साबित हो रही है, इसलिए वे बेचैन हैं। उन्हें इस बात की चिंता अधिक सता रही है कि फिल्म का फायदा पूरी तरह से असिन को न मिल जाए! इसलिए अब उन्होंने बेटी जिया से कहा है कि वे आमिर पर बिल्कुल विश्वास न करें। वे सीधे निर्माता मधु वर्मा से बात करें। गौरतलब बात यह है कि मधु फिल्मकार रामगोपाल वर्मा के भाई हैं, जिन्होंने जिया को अमिताभ बच्चन के अपोजिट नि:शब्द में लॉन्च किया था।
इस वक्त जिया के पास केन घोष की शाहिद कपूर के साथ एक अनाम फिल्म और साजिद खान की फिल्म हाउसफुल है। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि यदि आमिर के साथ उन्हें प्रचार का हिस्सा बनाया जाता, तो संभव है कि उनकी फिल्मों की फेहरिस्त थोड़ी और बड़ी हो जाती! वैसे भी हम सभी जानते हैं कि फिल्म इंडस्ट्री में बड़े कलाकारों के साथ नाम जुड़ने के बाद न केवल उस अमुक कलाकार की लोगों में मांग बढ़ जाती है, बल्कि उसकी प्राइस भी खूब बढ़ जाती है। हां, यही वजह है कि जिया और उनकी मम्मी बेचैन हैं। फिलहाल, देखते हैं कि जिया की बेकरारी मधु वर्मा की शरण में जाकर खत्म होती है या नहीं!
-मुंबई प्रतिनिधि