
आयशा टाकिया इतनी जल्दी आंटी बन जाएंगी, किसी ने कल्पना भी नहीं की थी! स्वयं वे भी ऐसा सुनकर हैरान हैं। दरअसल, वाकया अहमद खान की नई फिल्म पाठशाला के सेट पर का है। हाल ही में आयशा अपने को-स्टार शाहिद कपूर के साथ फिल्म सिटी में शूटिंग कर रही थीं। शाहिद और आयशा इस फिल्म में यंग टीचर की भूमिका निभा रहे हैं। अब चूंकि ये दोनों टीचर बने हैं, तो छात्रों का होना भी लाजमी है। सेट पर ढेर सारे छोटे-छोटे बच्चे थे, जिनमें कई आयशा के प्रशंसक भी थे। आयशा खुद बताती हैं, फिल्म सिटी में पाठशाला का सेट लगा था। मैं और शाहिद ढेर सारे बच्चों के साथ शूटिंग कर रहे थे। बच्चे मुझे आंटी और शाहिद को अंकल कहते थे। शुरू में मुझे अपने लिए आंटी शब्द सुनना बहुत अजीब लगता था, क्योंकि मैं अभी इतनी ज्यादा उम्र की नहीं हुई हूं। मैंने बच्चों को टोका भी, प्लीज, आप सब मुझे आंटी मत कहो, लेकिन वे कहां सुनने वाले थे। वे बार-बार मुझे आंटी कहकर ही संबोधित करते थे। खैर, मैंने पाठशाला की शूटिंग के दौरान इतनी बार आंटी शब्द से संबोधित हुई कि अब मुझे इस शब्द को सुनने की आदत हो गई है। दरअसल, एक सच यह भी है कि ऐक्ट्रेस सुष्मिता सेन को फिल्म मैं हूं ना में टीचर की भूमिका के लिए जमकर सराहना मिली थी। अब वैसा ही धमाल गुडि़या जैसी दिखने वाली आयशा टाकिया भी फिल्म पाठशाला में करने वाली हैं और इसमें उनका साथ देंगे यंग डांसिंग स्टार शाहिद कपूर, लेकिन इस बारे में आयशा बीच में ही टोकती हैं, अरे! सुष्मिता सेन से मेरा किरदार बिल्कुल अलग है। मैं अलग किस्म की टीचर बनी हूं। उनके किरदार से मेरे किरदार की तुलना बेमानी होगी, लेकिन फिर भी यहां स्पष्ट कर दूं कि मुझे भी टीचर के किरदार में लोग जरूर पसंद करेंगे। मेरी और शाहिद की केमिस्ट्री देखकर लोग जरूर कह उठेंगे, वाह वाह रामजी, जोड़ी क्या बनाई..!