बिपाशा को समझाए कौन?

बिपाशा को समझाए कौन?

आज की अभिनेत्रियां कल की अभिनेत्रियों के समकक्ष खड़ा होने में क्या सही में अपमानित महसूस करती हैं? हां, यह शोध का विषय हो सकता है, लेकिन जहां तक बिपाशा बसु की बात करें, तो वे एक नहीं, दो बार इस तरह के विवाद में आई हैं। दरअसल, सोनी टीवी पर संभावित फरवरी माह से शुरू हो रहे रियलिटी शो झलक दिखला जा-3 के लिए जूही चावला और बिपाशा बसु को जज के पैनल में रखने की योजना बनाई गई थी। तीसरे जज के लिए किसी योग्य कोरियोग्राफर की तलाश थी। बताया जाता है कि शो का कॉन्सेप्ट बिपाशा को पसंद आया और उन्होंने जज की भूमिका निभाने के लिए सहमति भी दे दी, लेकिन उन्हें जब पता चला कि अमुक शो में उनके साथ जूही चावला भी होंगी, तो उनकी भृकुटी तन गई। सूत्रों के अनुसार, बिपाशा ने संबंधित अधिकारी को फोन करके कहा कि अमुक शो में अगर उनके साथ जूही चावला होंगी, तो वे शो में भाग नहीं लेंगी। बताया जाता है कि चैनल के अधिकारियों ने बिपाशा का एटिट्यूड देखने के बाद जूही को शो में रखा और बिपाशा को तुरंत बाहर का रास्ता दिखा दिया। उल्लेखनीय है कि इसके पहले भी बिपाशा इस तरह की हरकतें कर चुकी हैं। रिअॅलिटी शो चक दे बच्चे की सफलता से प्रेरित होकर 9 एक्स चैनल ने एक नया शो शहर दी कुडि़यां गली दे मुंडे लॉन्च करने की योजना बनाई, तो बतौर जज बिपाशा को आमंत्रित किया गया। बताया जाता है कि उन्होंने पहले तो खुशी से जज बनने की सहमति दे दी थी, लेकिन जब उन्हें पता चला कि जज के पैनल में उनके साथ रवीना टंडन भी होंगी, तो उन्होंने शो करने से साफ मना कर दिया। बिपाशा को इतना गुरूर किस बात का है, यह तो वे ही बता सकती हैं, लेकिन यदि जूही या रवीना के साथ उनकी हीरोइन के रूप में तुलना की जाए, तो ज्यादातर लोग यही कहेंगे कि अभी बिपाशा को उनके स्तर तक पहुंचने के लिए बहुत लंबा संघर्ष करना होगा। आज उन्हें सेक्सी इमेज की वजह से स्टार का दर्जा जरूर प्राप्त है, लेकिन जहां तक अभिनेत्री कहलाने की बात है, तो अभी उनके खाते में ऐसी एक भी फिल्म नहीं है, जिसको लेकर बिपाशा गर्व कर सकें! लेकिन यह बात बिपाशा को समझाए कौन..?

-मुंबई प्रतिनिधि

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(10) वोट का औसत

average:3.8
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित