
चर्चा है कि ग्लैमरस डॉल सेलिना जेटली अभिनेता तुषार कपूर के प्यार में गिरफ्तार हो चुकी हैं। इसीलिए वे आजकल तुषार की बांहों में बांहें डाले मुंबई के छोटे-छोटे होटलों में डिनर और देर रात सूनी सड़कों पर सैर करती नजर आ रही हैं। दूसरी तरफ तुषार पर उनके प्यार का नशा कुछ इस कदर चढ़ चुका है कि वे उन्हें अपने होम-प्रोडक्शन की फिल्मों में एंट्री दिलाने के साथ ही अपने जान-पहचान वालों से भी उनकी जमकर सिफारिश कर रहे हैं। तुषार के एक करीबी मित्र के अनुसार, सेलिना और तुषार एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं, लेकिन अब उनकी नजदीकियां अधिक हो गई हैं। आजकल दोनों अधिकतर समय साथ-साथ गुजारते हैं। वे दुनिया की नजरों से अभी अपने प्यार को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। यही वजह है कि वे बड़े होटलों की बजाय मुंबई के छोटे होटलों में जाना पसंद करते हैं। उल्लेखनीय है कि बीते साल सेलिना ने एकता कपूर की फिल्म सी कंपनी में तुषार की वजह से ही गेस्ट रोल किया था। उस वक्त तक ये दोनों सिर्फ अच्छे दोस्त थे, लेकिन उसके बाद..! सेलिना और तुषार के नजदीकी लोगों की मानें, तो इन दोनों के बीच की दूरी फिल्म गोलमाल रिटर्न्स की शूटिंग के दौरान खत्म हुई। उस फिल्म की शूटिंग के दौरान इन दोनों ने एक-दूसरे को करीब से जाना। सुनने में आ रहा है कि तुषार अपने होम-प्रोडक्शन की फिल्म क्या कूल हैं हम के पार्ट 2 में सेलिना को कास्ट करवाना चाहते हैं। वे बहन एकता से इस बात के लिए कह भी रहे हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि एकता अपने लाडले भाई की बात मानती हैं या नहीं! वैसे, ये दोनों जल्द ही नीरज वोरा की फिल्म रन भोला रन में साथ दिखेंगे। फिलहाल, तुषार और सेलिना से जब लोग उनके गहराते प्रेम के रंग के बारे में पूछते हैं, तो ये दोनों खुद को एक-दूसरे का सिर्फ अच्छा दोस्त बताते हैं, जैसा कि शुरू में फिल्म इंडस्ट्री में सभी कलाकार कहते हैं।
-मुंबई प्रतिनिधि