प्रीति की परेशानी

प्रीति की परेशानी

हमेशा हंसने-खिलखिलाने वाली अभिनेत्री प्रीति जिंटा के चेहरे की मुस्कान फिलहाल गायब है। वे उदास हैं और परेशान भी। कहा जा सकता है कि वे इन दिनों जीवन के बुरे दौर से गुजर रही हैं। निजी जीवन के साथ-साथ प्रीति के करियर में कुछ भी सकारात्मक नहीं हो रहा है। यही वजह है कि अपने बड़बोलेपन के लिए मशहूर प्रीति खामोश हैं। हमेशा अवार्ड समारोह में सक्रिय भागीदारी निभाने वाली प्रीति ने इस वर्ष आईफा अवार्ड समारोह में भी अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष बेहद उम्मीदों के साथ प्रीति ने अपने फिल्मी करियर को विराम देकर आईपीएल से खुद को जोड़ा। वे किंग्स इलेवन पंजाब टीम की औपचारिक हेड बनीं। पिछले वर्ष और इस वर्ष भी अपनी टीम की असफलता से प्रीति टूट गई हैं। वे आहत हैं कि तमाम सुविधाओं और प्रतिभा के बावजूद उनकी टीम बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाई। इस व्यावसायिक नुकसान के साथ-साथ प्रीति का निजी जीवन भी उथल-पुथल के दौर से गुजर रहा है। व्यवसायी नेस वाडिया के साथ उनके मधुर संबंध का भी अंत आईपीएल 2 के दौरान हो गया। उल्लेखनीय है कि उनके साथ-साथ नेस भी पंजाब टीम के मालिक हैं। अपने प्रेम संबंध की बुनियाद पर ही प्रीति और नेस ने मिलकर पंजाब टीम को खरीदा था। ऐसे में प्रीति के लिए इस वर्ष का आईपीएल उनके निजी जीवन में दुखों का तूफान लेकर आया। जब प्रीति साउथ अफ्रीका आईपीएल सीजन-टू का हिस्सा बनने गई होंगी, तब उन्हें इस तूफान का अहसास भी नहीं होगा।

आईपीएल में मिली असफलता और नेस के साथ संबंध विच्छेद के बाद प्रीति के लिए एकमात्र आशा की किरण थी उनकी आगामी फिल्म हर पल। इसके नायक शाइनी आहूजा की वजह से प्रीति के लिए आशा की यह किरण भी धुंधली हो गई है। शाइनी की गिरफ्तारी ने हर पल के प्रदर्शन पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। ऐसे में प्रीति की परेशानी स्वाभाविक है। उम्मीद है कि प्रीति जल्द ही इस बुरे दौर से उबरेंगी और अपने चिरपरिचित अंदाज में प्रशंसकों से रूबरू होंगी। उन्होंने खुद ही कहा है, जिस तरह रात और दिन हैं वैसे ही खुशी और गम भी इंसान की जिंदगी के साथ हैं। ऐसे में जरूरी है कि हार के बाद भी आपका हौसला बना रहे।

-सौम्या अपराजिता

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(19) वोट का औसत

average:4.57895
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित