
ग्लैमर वर्ल्ड के अंधविश्वासी कलाकारों की फेहरिस्त में अब खूबसूरत अभिनेत्री कंगना राणावत का नाम भी शुमार हो चुका है। अब तक उन्होंने अपने व्यक्तित्व के इस पहलू को छुपाए रखा था, लेकिन हाल में जब उन्होंने अपनी नई बीएमडब्ल्यू कार में एक महीने से भी अधिक समय तक नंबर प्लेट नहीं लगवाया, तो इस बात का खुलासा हो गया।
दरअसल, कंगना का मानना है कि पांच उनके लिए लकी नंबर है। यही वजह है कि उन्होंने अपने मोबाइल के लिए भी ऐसा नंबर लिया है, जिसके अंत में पांच आता है। कंगना अपनी कार के लिए ऐसा नंबर तलाश रही थीं, जिसके अंत में पांच आता हो। लंबे इंतजार के बाद उन्हें लकी नंबर मिल गया और अब वे बेहद खुश हैं। हाल में वे यूरोप से एक सप्ताह की छुट्टी मनाकर लौटी हैं। आजकल वे मुंबई में अपनी नई फिल्म वंस अपॉन अ टाइम इन मुंबई के सेट पर अपनी बीएमडब्ल्यू से ही जाती हैं। गौरतलब है कि कंगना का करियर इस वक्त सुनहरे दौर से गुजर रहा है। एक के बाद एक उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर हिट हो रही हैं। उनकी नई फिल्म काइट्स का सफल होना तय माना जा रहा है। इस बारे में कंगना के करीबियों का कहना है, वे अपनी सफलता को बरकरार रखने के चक्कर में अंधविश्वासी हो गई हैं। अब कंगना को कौन कहे कि कामयाबी को कायम रखने के लिए अंधविश्वास नहीं, बल्कि कठिन परिश्रम की जरूरत है।