
अभिनेत्री आयशा टाकिया ने समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी के बेटे फरहान आजमी से जब विवाह किया, तो इस बात की चर्चा शुरू हो गई कि वे राजनीति में भी उतरेंगी। वे अपने ससुर की चुनावी रैलियों का हिस्सा बनेंगी, लेकिन सच तो यह है कि आयशा की अभी तक राजनीति में रुचि पैदा ही नहीं हुई।
इस बारे में उनका कहना है, मुझे राजनीति की एबीसीडी मालूम नहीं और सच कहूं, तो राजनीति में मेरी जरा भी रुचि नहीं है। सच है कि मेरे ससुर नेता हैं और मेरे घर में हमेशा राजनीति की बातें होती रहती हैं। मेरे पति फरहान उन बातों में दिलचस्पी लेते हैं। वे पापा की बातें ध्यान से सुनते हैं, लेकिन मुझे राजनीति की बातें समझ में नहीं आतीं। जब घर में ऐसी बातें होती हैं, तब मैं उठकर अपने कमरे में चली जाती हूं। मैं अभिनय करती हूं। उसी काम में मेरा मन लगता है। मैं राजनीति से दूर ही रहना चाहती हूं। रिअॅल लाइफ में राजनीति से परहेज करने वाली आयशा फिल्मों में नेता का किरदार निभाने की इच्छुक हैं। वे कहती हैं, यदि मुझे किसी फिल्म में नेता का किरदार निभाने का मौका मिलेगा, तो मैं गंभीरता से सोचूंगी, क्योंकि मैंने अपने अब तक के अभिनय सफर में इस तरह का किरदार नहीं निभाया है।