
मुंबई। रियलिटी शो झलक दिखला जा में बतौर निर्णायक काम करना फिल्म अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर के लिए आसान नहीं था। बावजूद इसके इस शो में भाग लेकर उर्मिला काफी उत्साहित हैं। इस शो के बारे में उन्होंने बताया, मैंने जिंदगी को एक दूसरे नजरिए से देखा है। सच कहूं तो मुझे इस शो में बतौर जज भाग लेने में बेहद मजा आया था।
झलक दिखला जा के माध्यम से उर्मिला को पहली बार प्रतियोगियों और दर्शकों के साथ रूबरू होने का मौका मिला था। उर्मिला स्वयं भी मानती है कि किसी प्रतियोगी के बारे में फैसले लेना बेहद ही मुश्किल और चुनौतीपूर्ण होता है। उर्मिला कहती हैं कि सेलिब्रेटी होने के बावजूद लोगों के साथ मिलने-जुलने में उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई। बकौल उर्मिला, अगर आप सेलिब्रेटी हैं तो आपको लोगों के साथ मिलने-जुलने की आदत होनी चाहिए। अगर बात विजेताओं की करें तो उर्मिला को संध्या मृदुल के विजेता न बनने का काफी मलाल है। यह अदाकारा बेबाकी से कहती हैं कि प्राची की बजाय संध्या उन्हें ज्यादा प्रतिभावान लगती थी। झलक दिखला जा में भाग लेने के बाद उर्मिला खुद को एक बेहतर इंसान मानने लगी हैं।
उर्मिला ने बताया कि विजेता बनने के बाद प्राची के परिजनों ने एक पार्टी आयोजित की थी, पार्टी में प्राची की मां ने शो के तीनों निर्णायकों के बीच तालमेल बनाए रखने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया था। प्राची की मां के इस धन्यवाद को ही उर्मिला अपनी सबसे बड़ी जीत मानती हैं।