
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री जिया खान ने लोगों से अपील की है किपतंगबाजी के लिए ऐसे मांजे का इस्तेमाल न करें जिसमें कांच मिलाया गया हो ताकि आसमान में उड़ने वाले परिंदों का जीवन खतरे में नहीं पड़े।
हाल में गजनी में नजर आई जिया ने यह अपील पशु पक्षियों के लिए काम करने वाले संगठन पेटा के एक विज्ञापन के जरिए की है। अमिताभ बच्चन के साथ रामगोपाल वर्मा की विवादास्पद फिल्म निशब्द से सुर्खियों में आई जिया ने एक बयान में कहा कि कांच की परत चढे मांजे में उलझकर पक्षियों की अकाल मौत हो जाती है। इसलिए इसके इस्तेमाल से बचा जाना चाहिए।
मकर संक्रांति के अवसर पर मध्यप्रदेश के मालवा क्षेत्र के अलावा गुजरात राजस्थान और महाराष्ट्र में लोग जमकर पतंगबाजी करते हैं। पतंगबाजी के दौरान पेंच लड़ाए जाते हैं और एक दूसरे की पतंगे काटी जाती हैं।
माजें में मौजूद कांच के कारण पतंगों के साथ पतंगबाजों की उंगलियां तो कटती ही हैं साथ ही मुक्त गगन में स्वछंद विचरण करने वाले परिंदों की जान भी जोखिम में आ जाती है।