फिर दिखेगा जलवा

फिर दिखेगा जलवा

मुंबई। अमूमन अभिनेत्रियां शादी के बाद कुछ समय के लिए फिल्मों से दूरी बना लेती हैं और वैवाहिक जीवन और नई जिम्मेदारियों को संवारने-संभालने में व्यस्त हो जाती हैं, लेकिन अमृता अरोड़ा और आयशा टाकिया इस लिहाज से अपवाद कही जा सकती हैं।

दोनों अभिनेत्रियां शादी के एक माह बाद ही कैमरे और एक्शन की अपनी लाइफ में वापस लौट रही हैं। आयशा की मां बताती हैं, इस वक्त आयशा हनीमून के लिए देश से बाहर गई हैं। वे बहुत जल्द वापस लौट रही हैं, क्योंकि दस अप्रैल से उन्हें रेवती की फिल्म फिर तुम मिल गए की शूटिंग करनी है। मैं खुश हूं कि वे शादी के बाद भी फिल्में करना जारी रखेंगी।

पांच वर्ष से अभिनय में सक्रिय आयशा ने पिछले माह फरहान आजमी के साथ पारंपरिक तरीके से शादी की। फरहान पेशे से व्यवसायी हैं। आयशा उन्हें लंबे समय से जानती थीं और वे उनके साथ रेस्टोरेंट के व्यवसाय में सक्रिय भी थीं। पहले कयास लगाए जा रहे थे कि आयशा शादी के बाद फिल्मों से किनारा कर लेंगी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। हाल ही में उनकी नागेश कुक्नूर निर्देशित फिल्म 8बाई10 तस्वीर रिलीज हुई। उसमें वे एक्शन स्टार अक्षय कुमार के साथ हैं। इसी वर्ष अहमद खान निर्मित फिल्म पाठशाला भी आएगी। यानी वर्ष भर आयशा बिग स्क्रीन पर दिखेंगी।

उनके प्रशंसकों के मन में प्रश्न उठ रहा होगा कि अब वे नई फिल्में साइन करना बंद न कर दें! आयशा ने शादी से पहले बातचीत में कहा था, फरहान और मैं एक-दूसरे को भलीभांति समझते हैं और एक-दूसरे के काम का सम्मान भी करते हैं। उन्हें फिल्मों में मेरे काम करने पर आपत्ति नहीं है। मैं शुरू से चुनिंदा फिल्में करती रही हूं और भविष्य में भी करती रहूंगी। आयशा की मां इस संदर्भ में कहती हैं, मुझे नहीं लगता कि वे फिल्मों में काम करना बंद करेंगी! आयशा के सह कलाकार अक्षय कुमार कहते हैं, मैं चाहूंगा कि वे शादी के बाद भी फिल्में करना जारी रखें। उन जैसी प्रतिभाशाली अभिनेत्री इंडस्ट्री में गिनी-चुनी ही हैं।

आयशा से महज कुछ दिन बाद शादी के बंधन में बंधी ग्लैमरस हीरोइन अमृता अरोड़ा भी अपने एक्टिंग करियर को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने शकील लद्दाक से प्रेम विवाह किया है। शकील कंस्ट्रक्शन व्यवसायी हैं। शादी के बाद फिल्मों के संदर्भ में अमृता कहती हैं, मैं फिल्में करना जारी रखूंगी, लेकिन तय किया है कि अब छोटी भूमिकाएं नहीं करूंगी। सिर्फ उल्लेखनीय काम ही करूंगी। हनीमून से वापस लौटने के बाद मैं फिल्म सीजन ग्रीटिंग्स की शूटिंग करूंगी। ससुराल में किसी को फिल्मों में मेरे काम करने पर ऐतराज नहीं है। इतनी मुश्किल से इंडस्ट्री में एक स्थान बनाया है, उसे गंवाऊंगी नहीं।

अमृता की इस बात में समझदारी झलकती है। गौर करें, तो जिन अभिनेत्रियों ने शादी के बाद दर्शकों से दूरी बनाई है, उन्हें वापसी के दौरान पैठ बनाने में कम ही सफलता मिली है। अमृता की बेस्ट फ्रेंड करीना कपूर की दीदी करिश्मा कपूर उल्लेखनीय उदाहरण हैं। वे अपनी वापसी की राह उत्सुकता से देख रही हैं। अमृता की इस वर्ष प्रदर्शित होने वाली फिल्मों पर नजर डालें, तो हेलो डार्लिग, कमबख्त इश्क और सीजन ग्रीटिंग्स हैं। बहरहाल, अमृता और आयशा के हाथ में अभी तक शादी के पहले की साइन की हुई फिल्में ही हैं। उनकी दिलचस्पी तो फिल्मों में बरकरार है, लेकिन क्या निर्माता-निर्देशक भी उनके साथ फिल्में करने के इच्छुक हैं? जवाब में फिल्मकार नागेश कुक्नूर कहते हैं, यदि मेरे पास आयशा के लिए स्क्रिप्ट होगी, तो मैं उनके साथ जरूर काम करूंगा। अब वह जमाना गया, जब अभिनेत्रियों के करियर में शादी रोड़ा बनती थी।

-रघुवेंद्र सिंह

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(3) वोट का औसत

average:3
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित