शबाना ने बढ़ाया वजन

शबाना ने बढ़ाया वजन

मुंबई। जानी-मानी फिल्म अदाकारा शबाना आजमी ने दीपा मेहता की फिल्म वाटर के लिए अपना सिर मुड़ाया था, भले ही अंतत: वह फिल्म से गायब हो गई थीं। उन्होंने श्याम बेनेगल की फिल्म मंडी के लिए भी अपने शरीर का वजन बढ़ाया था। अब शबाना ने गुरिंदर चड्डा की फिल्म इट्स ए वंडरफुल आफ्टरलाइफ के लिए अपना 25 किलो वजन बढ़ाया है।

शबाना ने लंदन से फोन पर बताया, जी हां, आपने सही सुना है। मैंने अपना 25 किलो वजन बढ़ाया है। बताया गया है कि शबाना आजमी इस फिल्म में एक ऐसी पंजाबी महिला की भूमिका निभा रही हैं, जो हिस्टीरिया से ग्रस्त है। वस्तुस्थिति यह है कि जिन लोगों ने शबाना को फिल्म फेयर पुरस्कार के दौरान देखा था, उन्हें यह देखकर आश्चर्य हो रहा है कि आखिर शबाना को हो क्या गया है। लेकिन शबाना तो अपनी भूमिका के लिए दो महीने पहले से ही तैयारी में लगी हुई हैं। शबाना को इस वजन को अगले डेढ़ महीने तक बरकरार रखना है। शबाना के लिहाज से उनकी तैयारी पूरी है।

शबाना के लिए गुरिंदर चड्डा के साथ काम करना काफी सुखद अनुभव है। वह कहती हैं, गुरिंदर बड़ी सहजता के साथ टीम को नियंत्रण में रखती हैं। यह एक निर्देशक का सबसे बड़ा गुण है। शबाना के पति जावेद अख्तर भी लंदन में उनके साथ हैं। तो अब इससे अच्छी बात और क्या होगी।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(2) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित