
मुंबई। कोलकाता में अपने स्कूल के दिनों को याद करते हुए अभिनेत्री बिपाशा बसु ने कहा है कि उनकी मित्र मंडली में उनका नाम लेडी गुंडा रख दिया गया था, क्योंकि जो भी उनके सामने खुद को चालाक साबित करने की कोशिश करता था, उसे वह पीटा करती थीं।
बॉलीवुड अभिनेत्री ने कहा, मैं अपने हाथ में छड़ी रखती थी और खुद को चतुर दिखाने वाले कालोनी के सभी लड़कों को ठीक करके रखती थी। बचपन में मेरा कद बहुत छोटा था और मैं स्कूल में मॉनीटर थी। जब लंबे लड़के शरारत करने की कोशिश करते थे तो ब्रेक के दौरान मैं उनकी पीठ पर कूद जाती थी और उनके बाल नोंच लेती थी और उनकी पिटाई करती थी।
मुंबई में अपने शुरूआती दिनों के बारे में बिपाशा ने बताया कि सभी तरह के खतरों से बचने के लिए वह अपनी पर्स में हथौड़ा रखती थीं। हालांकि, इसके इस्तेमाल की कभी नौबत नहीं आई। बॉलीवुड अभिनेत्री ने इन सारी बातों का खुलासा स्टार प्लस चैनल पर निर्देशक से टेलीविजन प्रस्तोता बनीं फराह खान के शो तेरे मेरे बीच में में किया। इसका प्रसारण रविवार को किया जाएगा।