लीक से हटकर फिल्म चाहते हैं शाहिद

लीक से हटकर फिल्म चाहते हैं शाहिद

मुंबई। हालिया फिल्म कमीने की सफलता के बाद अभिनेता शाहिद कपूर लीक से हटकर भूमिका करना चाहते हैं और वह अनुभव करते हैं कि बड़ी अभिनेत्रियों के साथ काम करना कोई अजूबा नहीं है, क्योंकि दर्शक सिर्फ अच्छी फिल्में देखना चाहते हैं। रानी मुखर्जी के साथ अपनी अगली रिलीज दिल बोले हडिप्पा का इंतजार कर रहे शाहिद ने कहा, बड़ी हीरोइनों के साथ नए नायक की जोड़ी का वर्तमान समय में ज्यादा मायने नहीं रह गया है। आज का दर्शक बेहतरीन फिल्में देखना चाहता है। नायिका का नायक से एक या दो साल बड़ा होना कतई असंगत नहीं है।

उन्होंने कहा, मैं ऐसी फिल्में करना चाहता हूं, जो चुनौतीपूर्ण और लीक से हटकर हों। दर्शक मुझे अलग तरह से देखेंगे, जिसकी मुझे उम्मीद भी नहीं थी। उन्होंने कहा कि वह प्रेम कहानियों पर आधारित फिल्में करते रहेंगे, क्योंकि इस तरह की फिल्में करना वह पसंद करते हैं। अभिनेता ने कहा, कमीने लीक से हटकर फिल्म थी। दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित करना मेरे लिए बहुत बड़ी चुनौती थी। इस फिल्म को करना मेरे लिए बड़ा कदम था और मैंने इसे किया, क्योंकि बतौर निर्देशक विशाल भारद्वाज पर विश्वास था। उन्होंने कहा कि इस फिल्म से उनमें लीक से हटकर फिल्में करने का विश्वास पैदा हुआ है और वह विभिन्न तरह की भूमिकाएं स्वीकार कर रहे हैं।

फिल्म दिल बोले हडि़प्पा में खिलाड़ी का किरदार निभाने वाले शाहिद कपूर ने कहा कि वह बतौर कलाकार खुद की खोज कर रहे हैं। फिल्म दिल बोले हडि़प्पा में अपने किरदार के बारे में शाहिद ने कहा कि इस फिल्म में उन्होंने एक क्रिकेटर की भूमिका निभाई है, जो इंग्लैंड में काउंटी के लिए खेलता है। उन्होंने कहा कि वह क्रिकेट टीम का कोच बनकर भारत आता है। वह शारीरिक तौर पर फिट और वाचाल है। लेकिन मैदान में अनुशासित रहता हैं। वह खुद को इस किरदार के करीब पाते हैं, क्योंकि सेट पर ध्यान किरदार पर केंद्रित रहता है।

अभिनेता ने कहा कि फिल्म का सबसे मजेदार हिस्सा वह है, जब उसकी मुलाकात वीर के चरित्र के साथ होती है। यह एक सिख लड़के का किरदार है, जिसे रानी ने निभाया है। शाहिद ने कहा कि उनका किरदार इंग्लैंड में रहने वाले सभ्य व्यक्ति का है, जबकि वीर चुलबुली पंजाबी है और एक दूसरे को पसंद नहीं करते हैं। अपनी सह कलाकार रानी के बारे में शाहिद ने कहा कि वह संपूर्ण नायिका है और उन्होंने उन्हें कभी यह महसूस नहीं होने दिया कि वे एक बड़ी नायिका हैं। वे दोनों इस बात को लेकर अनिश्चित थे कि परदे पर कैसे दिखेंगे। मगर आश्चर्य है कि दोनों की जोड़ी अच्छी लगी।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(1) वोट का औसत

average:4
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित