
नई दिल्ली। फिल्मकार मणिरत्नम की आगामी फिल्म रावण से अलग होने को लेकर चल रही तमाम अटकलों के बीच अभिनेत्री बिपाशा बसु का कहना है कि इस फिल्म से अलग होने का फैसला दोस्ताना तरीके से लिया गया था।
इस बात की चर्चा थी कि इस फिल्म में अभिषेक बच्चन के साथ बिपाशा मंदोदरी की भूमिका में थीं लेकिन उनकी भूमिका अन्य पात्रों पर भारी पड़ रही थी, ऐसे में उन्हें फिल्म से अलग कर दिया गया। बिपाश ने कहा, ये सारी बातें महज अफवाह हैं। पहले मैं इस फिल्म का हिस्सा थी लेकिन अब नहीं हूं। मणि सर ने मुझसे कहा कि वह मेरी भूमिका के साथ न्याय नहीं कर पाएंगे। ऐसे में हमने दोस्ताना तरीके से फैसला किया। आशा है कि हम जल्द ही साथ काम करेंगे।
गौरतलब है कि रावण में अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन प्रमुख भूमिकाओं में हैं।