फिल्मों के प्यार में गिरफ्तार है उर्मिला

फिल्मों के प्यार में गिरफ्तार है उर्मिला

उर्मिला मातोंडकर के प्रशंसक अब उन्हें छोटे पर्दे पर सप्ताह में दो दिन इसलिए देख सकते हैं, क्योंकि सोनी टीवी के रियलिटी शो झलक दिखला जा में वह जज की भूमिका निभा रही हैं। इससे पहले भी वे सहारा के एक रियलिटी शो में जज की भूमिका निभाने वाली थीं, लेकिन किसी कारणवश वह कार्यक्रम ऑनएअर नहीं हो सका। वैसे, छम्मा-छम्मा गर्ल उर्मिला डांस पर आधारित शो झलक दिखला जा का हिस्सा बनकर बेहद उत्साहित हैं। वे बताती हैं, जब मुझे इस शो के लिए ऑफर आया, तो मैं बहुत एक्साइटेड हुई। मुझे शो का कॉन्सेप्ट बहुत अच्छा लगा। अलग-अलग तरह के डांस पर आधारित होने के कारण मुझे इसका हिस्सा बनने में कोई हिचक नहीं हुई।

उर्मिला के फिल्मी करियर पर गौर करें, तो यह कहना गलत नहीं होगा कि अभी उनके करियर की दशा और दिशा अच्छी नहीं है। पिछले वर्ष बस एक पल में बतौर अभिनेत्री उर्मिला के दर्शन हुए। उसके बाद रामगोपाल वर्मा की आग में उन्हें देखा गया। उर्मिला की अगली फिल्म स्पीड बनकर तैयार है। फिल्मों से अलग हटकर झलक दिखला जा में जज बनने के अपने निर्णय के बारे में उर्मिला बताती हैं, मैंने अभी जितनी फिल्में साइन की हैं, सभी इस साल के आखिर में शुरू होंगी। इसलिए मुझे लगा कि खाली समय झलक दिखला जा को देना बेहतर है। उर्मिला आगे बताती हैं, मैं अपने करियर में सरप्राइजेज के लिए तैयार रहती हूं। वैसे मैं झलक दिखला जा को एक चुनौती के रूप में ले रही हूं। अभी तक लोग मुझे फिल्मों में अलग-अलग कैरेक्टर में देखते रहे हैं, लेकिन पहली बार दर्शक मुझे दूसरे रूप में भी देखेंगे।

उर्मिला का नाम उन अभिनेत्रियों की फेहरिस्त में शामिल है, जो अपने बेहतरीन डांस के लिए जानी जाती हैं। उनके अनुसार, मैंने अपने करियर में कई तरह के डांस किए हैं। आज तक जितने भी डांस किए हैं, उन्हें करते वक्त एंज्वॉय किया। इस शो में भी जज की भूमिका निभाते समय सबसे अधिक इस बात को ध्यान में रखूंगी कि कौन कितने मन से नाचता है! अगर लोग दिल से नाचेंगे, तभी वे लोगों के दिल तक पहुंचेंगे। जज बनना मेरे डांस का ही एक्सटेंशन रूप है। मैं यह रोल सही तरह निभाऊंगी। किसी को भी शिकायत का मौका नहीं दूंगी।

श्यामक डावर और जीतेंद्र के साथ झलक दिखला जा के जज की भूमिका निभा रहीं उर्मिला म्यूजिक पर थिरकने को ही डांस मानती हैं, मैंने डांस की कोई प्रॅफेशनल ट्रेनिंग नहीं ली है। डांस के अलग-अलग विधा का सर्टिफिकेट भी मेरे पास नहीं है, लेकिन नाचना आता है। झलक दिखला जा के बाद क्या उर्मिला फिर छोटे पर्दे के किसी और शो में दिखेंगी? वे कहती हैं, अभी मैं फिल्मों के प्यार में ही गिरफ्तार हूं। टीवी पर कुछ और करने का फिलहाल कोई इरादा नहीं है। आगे कभी फुर्सत मिली, तब सोचूंगी।

-मुंबई प्रतिनिधि

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(1) वोट का औसत

average:3
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित