प्रेम के विविध रूप की दीवानी आयशा

प्रेम के विविध रूप की दीवानी आयशा

मासूम, चंचल और सहज विशेषणों से संबोधित होने वाली अभिनेत्री आयशा टाकिया ने खुद को कभी भी हिंदी फिल्मों की तथाकथित स्टार के रूप में संबोधित किया जाना पसंद नहीं किया। शायद इसलिए, क्योंकि उनकी फिल्मों से अलग भी एक दुनिया है, जहां वे केवल आम युवा लड़की हैं। आयशा खुद को बेहद रोमांटिक बताती हैं। आइए जानते हैं प्रेम-रस में डूबी रहने वाली आयशा के प्रेम के विविध रूपों को..

फरहान-आयशा प्रेम : हिंदी फिल्मों की सबसे क्यूट अभिनेत्री आयशा की लगातार फिल्में असफल हो रही हैं, फिर भी उनके चेहरे की मुस्कान ज्यों की त्यों बनी हुई है। दरअसल, आयशा की खुशी का राज है उनके प्रेमी फरहान आजमी के साथ उनका गहरा रिश्ता। चर्चा हैं कि आयशा फरहान के साथ विवाह बंधन में भी बंधने को तैयार हैं। फरहान से प्रेरित होकर रेस्टोरेंट बिजनेस में भी वे सक्रिय हो रही हैं। मुंबई के मशहूर रेस्टोरेंट कोयला के स्वामी और सांसद अबु आजमी के सुपुत्र फरहान आजमी के रंग में रंगने को तैयार आयशा अब फिल्में काफी सोच-विचार कर साइन कर रही हैं। दरअसल, वे नहीं चाहतीं कि अधिक फिल्मों के ऑफर स्वीकार करने से उनकी विवाह की योजना में कोई बाधा आए! वे कहती हैं, फिल्में मेरे लिए सब-कुछ नहीं हैं। मेरी निजी जिंदगी है, मेरा परिवार है। मेरी प्राथमिकताएं दूसरों से अलग हैं। दिमाग से अधिक, मैं दिल की सुनती हूं।

नृत्य-प्रेम: प्रेम दीवानी होने के साथ-साथ आयशा हिंदी फिल्मी डांस की भी दीवानी हैं। वे बताती हैं, चूंकि मेरी मां एरोबिक इंस्ट्रक्टर रही हैं, इसलिए उनके क्लासेज में जाने के दौरान ही मुझे डांस के प्रति प्रेम जागा। मुझे हिंदी फिल्मों के डांस मूव सबसे अच्छे लगते हैं, क्योंकिउसका अलग मजा होता है और उसे दूसरे डांस से अलग बनाता है। मुझे फिल्मों में डांस करने केउतने मौके अब तक नहीं मिले हैं, लेकिन जितना भी किया है, उसे एंज्वॉय किया है।

संगीत-प्रेम: संगीत सुनना आयशा को बेहद पसंद है। उल्लेखनीय है कि म्यूजिक वीडियो से ही उन्होंने अभिनय में अपने करियर की शुरुआत की थी। दरअसल, रिमिक्स वीडियो अभी नहीं.. और फाल्गुनी पाठक के म्यूजिक वीडियो मोरी चुनर उड़ उड़ जाए.. के जरिए आयशा दर्शकों से रूबरू हुई थीं। संगीत से अपने जुड़ाव के बारे में वे कहती हैं, मुझे रॉक म्यूजिक सुनना बेहद पसंद है। गजल सुनने का भी मुझे शौक है। गुलाम अली और आबिदा परवीन के गजलों की मैं दीवानी हूं।

फिल्म-प्रेम: फिल्मों में अभिनय करने केसाथ-साथ फिल्में देखने का भी शौक है आयशा को। वे कहती हैं, यूं तो ऐक्ट्रेस बनने के बाद फिल्में देखने के मौके बहुत कम मिलते हैं, लेकिन जब भी ऐसे मौके मिलते हैं, अपनी छोटी बहन के साथ ब्रैंड पिट की फिल्में ही देखती हूं। दरअसल, वे मेरे फेवॅरिट हॉलीवुड ऐक्टर हैं। अगर लोग कहें कि मैं ब्रैंड पिट की दीवानी हूं, तो मुझे कोई आपत्ति नहीं होगी। हिंदी फिल्मों में बस एक ही ऐक्टर हैं, जिनकी मैं जबरदस्त फैन हूं और वे हैं शाहरुख खान। सच तो यह है कि उनके साथ काम करने का इंतजार मैं बेसब्री से कर रही हूं।

पशु-प्रेम: पशु-कल्याण के लिए भी आयशा तत्पर रहती हैं। अपने पालतू जानवरों से आयशा का प्रेम जगजाहिर है। आवारा जानवरों केकल्याण के लिए भी वे प्रयासरत रहती हैं। सड़कों पर घूमने वाले आवारा जानवरों के कल्याण के लिए सक्रिय संस्थाओं को आयशा समय-समय पर आर्थिक मदद भी देती रहती हैं। वे कहती हैं, जानवर तो कुछ बोल नहीं सकते, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उन पर जुल्म किया जाए! उन्हें भी जीने का हक है। मैं लोगों से आग्रह करती हूं कि जानवरों को मारकर उनके चमड़े से बनाई गई चीजों का उपयोग करना बंद कर दें। मैं खुद ऐसी चीजों का इस्तेमाल नहीं करती। आयशा शाकाहारी हैं और यह निर्णय उन्होंने अपने पशु-प्रेम से प्रेरित होकर ही लिया है।

-मुंबई प्रतिनिधि

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(0) वोट का औसत

average:0
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित