
अभिनेत्री सेलिना जेटली फिल्मी दुनिया में काफी समय से सक्रिय हैं। इस दौरान वे कई अभिनेताओं के साथ पर्दे पर दिखीं। आजकल वे अपनी नई फिल्मों में अभिनय को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि वे इन फिल्मों के बारे में कुछ भी नहीं बतातीं। पिछले दिनों हुई एक मुलाकात में सेलिना ने अपने पसंदीदा को-आर्टिस्टों के बारे में बताया।
गोविंदा: मैं उनकी बहुत बड़ी प्रशंसक हूं। हाल ही में जब मुझे उनके साथ फिल्म मनी है तो हनी है करने का अवसर मिला, तो मेरी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मुझे उनके साथ काम करके बहुत मजा आया। वे कमाल के इनसान हैं। सभी के साथ प्यार से पेश आते हैं। एक्टिंग में भी उनका कोई जवाब नहीं है। मैंने उनकी लगभग हर फिल्म देखी है। पिछले साल आई उनकी फिल्म पार्टनर मुझे बहुत अच्छी लगी। मेरी नजर में गोविंदा फिल्म इंडस्ट्री के सबसे अच्छे डांसर हैं। मेरी समझ से उन्होंने ही मेल डांसिंग को फिल्म इंडस्ट्री में पॉपुलर बनाया है। आज लोग रितिक रोशन को सबसे अच्छा डांसर कहते हैं, जबकि मैं गोविंदा को उनसे ऊपर मानती हूं। वे लिजॅन्ड हैं।
लारा दत्ता: मैं उन्हें ग्लैमर वर्ल्ड में आने से पहले से जानती हूं। दरअसल, हम दोनों गहरे दोस्त हैं और दिलचस्प बात यह है कि हम दोनों की दोस्ती जेनरेशन वाइज है। मेरे और लारा के पापा आर्मी में हैं। हमारी तरह ही मेरी और लारा की मम्मी भी अच्छी सहेली हैं। हम दोनों मिस इंडिया रह चुके हैं। इस हिसाब से देखा जाए, तो हम दोनों में बहुत सारी समानताएं हैं। मैं खुश हूं कि मुझे उनके साथ प्रोफेशनली काम करने का अवसर मिला। हम दोनों ने नो एंट्री और जिंदा में साथ काम किया। बहुत मजा आया साथ काम करके। काम की व्यस्तता के कारण हम साथ वक्त जरूर नहीं गुजार पाते, लेकिन फिल्मों की शूटिंग के समय हमें साथ रहने का मौका मिल ही जाता है। लारा दिल की बहुत अच्छी इनसान हैं। मैं भी उन्हीं की तरह हूं। शायद यही वजह है कि हम दोनों की दोस्ती कायम है। मैं चाहूंगी कि हमारी दोस्ती ऐसे ही बरकरार रहे।
श्रेयश तलपड़े: मैं ऐक्टर के रूप में श्रेयश की दिल से तारीफ करूंगी। फिल्म डोर और इकबाल, उसके बाद ओम शांति ओम में उन्होंने अपनी अदाकारी के अलग-अलग पहलुओं से दर्शकों को रूबरू कराया है। इस तरह का रिस्क कलाकार जल्दी नहीं उठाते, लेकिन श्रेयश ने न सिर्फ रिस्क उठाया, बल्कि बखूबी अपने काम को अंजाम भी दिया। इसके लिए मैं उनकी सराहना करूंगी। मुझे उनके साथ अपना सपना मनी मनी में काम करने का अवसर मिला। उनके साथ काम करते हुए मैंने बहुत एंज्वॉय किया। श्रेयश के साथ मेरी केमिस्ट्री लोगों को पसंद आई। अब उनकी पत्नी मेरी अच्छी दोस्त हैं। ऑन स्क्रीन और ऑफ स्क्रीन मेरा उनसे अच्छा रिश्ता है, यही वजह है कि मैं उन्हें पसंद करती हूं।
-मुंबई प्रतिनिधि