
लंबा समय हो गया है। इधर हॉट ऐक्ट्रेस कोएना मित्रा ने रुपहले पर्दे पर अपनी उपस्थिति नहीं दर्ज कराई है। हालांकि इस बीच उन्होंने सोनी एंटरटेनमेंट चैनल के रिअॅलिटी शो झलक दिखला जा की दो कडि़यों में अपनी झलक दिखाकर दर्शकों को चकित जरूर किया। छोटे पर्दे की ओर रुख करने के कारण ऐसा समझा गया कि कोएना का फिल्मी सफर अब उस मोड़ पर पहुंच गया है, जहां उनके पास फिल्मों के प्रस्ताव आने बंद हो गए हैं। इन कयासों पर पूर्णविराम लगाते हुए वे कहती हैं, ऐसा कुछ नहीं है। तीन फिल्में हैं मेरे पास। फिलहाल, मैं कॉन्ट्रैक्ट्स में बंधी हुई हूं, इसलिए उन फिल्मों के बारे में कुछ नहीं बता सकती। हां, इतना जरूर कह सकती हूं कि ये सभी फिल्में अलग-अलग जॉनर की हैं। दर्शक मुझे नए अंदाज में इन फिल्मों में देख पाएंगे। बस थोड़ा धैर्य रखें।
फिल्मों में अभिनय के साथ-साथ कोएना इन दिनों मुंबई के एक अंग्रेजी अखबार में नियमित रूप से कॉलम भी लिख रही हैं। साथ ही वे विभिन्न फैशन शो में रैम्प पर थिरकती हुई नजर आ जाती हैं। पिछले दिनों ही बंगलुरु फैशन वीक में वे डिजाइनर प्रियंका ठाकुर के शो में शो स्टॉपर के रूप में मौजूद दर्शकों से रूबरू हुई। सुपरमॉडल रह चुकीं कोएना के लिए हिंदी फिल्मों की राह आसान जरूर थी, लेकिन उन्हें कुछ कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ा था। उल्लेखनीय है कि हिंदी फिल्मों में कोएना की पारी की शुरुआत बतौर आइटम गर्ल हुई थी। वे कहती हैं, इंडस्ट्री में मेरा कोई गॉडफादर नहीं है। आज मैं जो भी हूं, अपने दम पर हूं। जितना कुछ मैंने अचीव किया है, उससे खुश हूं। अभी मुझे बहुत आगे जाना है।
ऐसा माना जाता है कि दो अभिनेत्रियां कभी दोस्त नहीं बन सकतीं, लेकिन तनुश्री दत्ता और कोएना की दोस्ती अपवाद है। तनुश्री दत्ता के साथ अपनी दोस्ती को लेकर वे बेहद गंभीर हैं। कोएना बताती हैं, मैं तनुश्री को पहले से नहीं जानती थी। जब अपना सपना मनी-मनी की शूटिंग हो रही थी, तब रिया सेन और तनुश्री बहुत अच्छी दोस्त थीं। रिया से मिलने तनुश्री सेट पर आया करती थीं। किसी वजह से दोनों की दोस्ती में दरार आ गई और रिया के साथ मेरी भी कुछ अनबन हो गई। यह वह समय था, जब मेरी तनु से जान-पहचान शुरू हुई थी। मुझे तनु स्ट्रॉन्ग लड़की लगी। हम दोनों ने कई शो भी साथ-साथ किए। वक्त के साथ हमारी दोस्ती मजबूत होती गई। आज मैं और तनु बेहद अच्छे दोस्त हैं और एक-दूसरे की भावनाओं का खयाल रखते हैं।
कोएना को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा बने लंबा अंतराल हो चुका है, लेकिन वे आज भी संघर्षरत अभिनेत्रियों की सूची में शुमार हैं। पर्याप्त सफलता और लोकप्रियता नहीं मिल पाने के बाद भी कोएना का हौसला बरकरार है। वे कहती हैं, हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कई ऐसी अभिनेत्रियां हैं, जो तीस वर्ष की उम्र पार कर चुकी हैं, फिर भी वे टॉप पर हैं। मैं तो अभी तीस की उम्र के करीब भी नहीं पहुंच पाई हूं। ऐसे में अपने सुनहरे भविष्य को लेकर मैं पूरी तरह आश्वस्त हूं।