भाग्य से मिलते है ऐसे मौके: लारा

भाग्य से मिलते है ऐसे मौके: लारा

समुद्र की लहरों से अठखेलियां करतीं लारा दत्ता को फिल्म ब्लू में देखकर दर्शकों के लिए यकीन करना मुश्किल होगा कि उन्होंने कुछ समय पहले तक तैरना भी नहीं आता था। गहरे समुद्र की बात तो दूर है, उन्हें स्विमिंग पूल में जाने से भी डर लगता था, लेकिन ब्लू में अभिनय को लेकर वे इतनी गंभीर थीं कि उन्होंने अपने इस डर पर भी जीत हासिल कर ली। दरअसल, वे धुन की पक्की हैं। वे जो ठान लेती हैं, उसे करके ही दम लेती हैं। लारा की इस विशेषता पर प्रकाश डालते हुए अक्षय कुमार कहते हैं, उन्हें मैं उनकी पहली फिल्म अंदाज की शूटिंग के समय से जानता हूं। अंदाज से ब्लू तक उनकी ग्रोथ को मैंने करीब से देखा है। जब मुझे पता चला कि ब्लू में अभिनय के प्रस्ताव को लारा ने स्वीकार किया है, तब मैंने उन्हें फोन किया। उनसे मैंने कहा, तुम्हें तो तैरना नहीं आता है। ब्लू में तो तुम्हें अंडर वाटर स्टंट करना होगा, कैसे कर पाओगी? लारा ने जवाब में कहा, मैं तैरना सीखूंगी। यही तो मौका है खुद को प्रूव करने का। ब्लू अच्छी फिल्म है, मैं इसे हाथ से नहीं जाने देना चाहती। लारा ने लगभग तीन महीने तक स्विमिंग की ट्रेनिंग ली। उसके बाद तो वह पानी में किसी मछली की तरह तैरने लगी है। उसके बारे में एक बात मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि लारा जो चाहती है, वह कर लेती है। उनकी इस विशेषता के कारण ही अक्षय कुमार उन्हें लारा पाजी नाम से संबोधित करते हैं।

ब्लू में लारा को संजय दत्त, अक्षय कुमार, जायद खान और कैटरीना कैफ जैसे सितारों का साथ मिला है। इस फिल्म को वे अपने करियर की महत्वपूर्ण फिल्म मानती हैं। वे कहती हैं, बीते कुछ समय से मैं सिर्फ कॉमेडी फिल्मों में ही नजर आती रही हूं। काफी अर्से बाद ब्लू में मुझे अलग तरह की भूमिका निभाने का मौका मिला है। यह पूरी तरह ऐक्शन फिल्म है। मैं भी इसके ऐक्शन दृश्यों का हिस्सा बनी हूं। मुझे दर्शक अंडर वाटर स्टंट करते देखेंगे। ब्लू में अपनी भूमिका को रिअॅल बनाने के लिए मैंने काफी मेहनत की है।

धीरे-धीरे अपने फिल्मी करियर को आगे बढ़ा रहीं लारा के लिए अक्टूबर का महीना बेहद खास है। हालांकि लारा अपनी फिल्मों को लेकर बेहद उत्साहित हैं, लेकिन वे अपने उत्साह और जोश का प्रदर्शन नहीं कर रही हैं। धैर्य के साथ वे अपनी फिल्मों की रिलीज का इंतजार कर रही हैं। दरअसल, लारा ने अपने फिल्मी करियर की उपलब्धियों या सफलता को लेकर कभी कोई शोर-शराबा नहीं किया। वे खुद कहती हैं, नंबर वन की कुर्सी पर बैठने की मेरी कोई तमन्ना नहीं है। अच्छे काम के बल पर फिल्म इंडस्ट्री में अपनी स्थायी पहचान बनाना चाहती हूं। मैं नहीं चाहती कि कुछ दिनों के लिए नंबर वन ऐक्ट्रेस के रूप में अपनी पहचान बनाने के बाद कहीं गुम हो जाऊं। संतुलन बनाकर चलना चाहती हूं, ताकि लंबे अर्से तक फिल्म इंडस्ट्री में मेरी पहचान बनी रहे।

फिल्म डू नॉट डिस्टर्ब में तो दर्शका लारा का कॉमिक अंदाज एक बार फिर देख ही चुके है। गोविंदा, रितेश देशमुख और सुष्मिता सेन अभिनीत डू नॉट डिस्टर्ब में लारा डॉली की भूमिका में दिखाई दीं। पार्टनर के बाद डू नॉट डिस्टर्ब में लारा को निर्देशित कर चुके डेविड धवन मानते हैं, वे आज के दौर की सबसे अच्छी कॉमिक ऐक्ट्रेस हैं। वे बेहतरीन अभिनेत्री हैं। खासकर उनकी कॉमिक टाइमिंग कमाल की है। जूही चावला और करिश्मा कपूर के बाद लारा ही ऐसी अभिनेत्री हैं, जिनकी कॉमिक टाइमिंग ने मुझे इम्प्रेस किया है। डू नॉट डिस्टर्ब में अभिनय कर रहीं सुष्मिता सेन भी लारा के सरल और सहज व्यक्तित्व से प्रभावित हैं। वे कहती हैं, मेरे और लारा के बीच अनबन की खबरें इन दिनों खूब उछाली जा रही हैं। कहा जा रहा है कि डू नॉट डिस्टर्ब में मैंने लारा पर फिल्माए गए कुछ सीन हटवा दिए हैं, लेकिन सच तो यह है कि मैं लारा को तब से जानती हूं, जब उसके सिर पर मिस यूनिवर्स का ताज सजा था। लारा कमिटेड ऐक्ट्रेस है। अभी तक उसकी क्षमता का पूरी तरह इस्तेमाल नहीं किया जा सका है।

मृदुभाषी और खुशमिजाज लारा को दूसरों को हंसाना अच्छा लगता है। वे कहती हैं, भाग्य से ही ऐसे मौके मिलते हैं, जब आप दूसरों की खुशी की वजह बनें। ऐसे मौके का मैं पूरा फायदा उठाने की कोशिश करती हूं। वैसे तो लारा के चेहरे पर हमेशा मुस्कान दौड़ती रहती है, लेकिन इन दिनों उनके चेहरे की मुस्कान थोड़ी फीकी पड़ गई है। दरअसल, लारा का निजी जीवन इस समय उथल-पुथल के दौर से गुजर रहा है। डिनो मोरिया से संबंध टूटने के बाद उनके निजी जीवन में खालीपन आ गया है। यही वजह है कि वे इस समय अपने फिल्मी करियर को लेकर काफी गंभीर हो गई हैं। लारा को उम्मीद है कि ब्लू और की रिलीज उनके फिल्मी करियर के साथ-साथ निजी जीवन के लिए भी सुखद परिणाम लेकर आएगी।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(8) वोट का औसत

average:4.625
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित