
नई दिल्ली। हिंदी फिल्म उद्योग के हरफनमौला गायक दिवंगत किशोर कुमार की पत्नी लीना गांगुली अरसे बाद एक बार फिर सुर्खियों में हैं। फिल्म महबूब की मेहंदी की यह शर्मीली अभिनेत्री एक रियलिटी शो की जज हैं, जिस पर किशोर दा जैसे गायक की तलाश का जिम्मा है।
लीना कहती हैं, मैंने काम करना छोड़ दिया था, क्योंकि उस वक्त मैं सुमित की देख-रेख में व्यस्त थी। अब वह बड़ा हो गया है। जब मैंने इस शो के बारे में सुना तो मैं खुद को इसका हिस्सा बनने से रोक नहीं पाई। के फॉर किशोर नामक इस शो में 12 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें से एक का चयन किशोर दा के प्रतिभाशाली उत्तराधिकारी के रूप में होना है। फिलहाल प्रमोद रामपाल ही इस दौड़ में आगे चल रहे हैं। लीना कहती हैं, सभी प्रतियोगी बेहतरीन हैं। कइयों का प्रदर्शन अच्छा रहा है। प्रमोद जीतने के कगार पर है। उसकी आवाज भी अच्छी है और वह अच्छा गायक भी है। इस शो में लीना के अलावा बप्पी लहरी, पार्श्व गायक सुदेश भोंसले और किशोर के बड़े बेटे अमित भी जज के रूप में शामिल हैं।