
मुंबई। मशहूर गायक महेंद्र कपूर को दादासाहेब फाल्के अकादमी द्वारा गठित फाल्के गोल्डन व्यॉइस अवार्ड से नवाजा जाएगा। उन्हें यह पुरस्कार भारतीय सिनेमा के जनक की जयंती के अवसर पर 30 अप्रैल को दिया जाएगा।
महेंद्र कपूर ने जिन फिल्मों में गीत गाए उनमें बीआर चोपड़ा की धूल का फूल, गुमराह, वक्त, हमराज, धुंध और मनोज कुमार की उपकार व पूरब और पश्चिम शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने दादा कोंडके द्वारा मराठी में बनाई गई फिल्मों के कई गाने भी गाए। महेंद्र कपूर को उपकार (1968) के गीत देश की धरती के लिए सर्वश्रेष्ठ पुरुष गायक का खिताब दिया गया। चलो एक बार फिर से..(गुमराह, 1963), नीले गगन के तले (हमराज, 1967) और नहीं-नहीं बस और नहीं (रोटी, कपड़ा और मकान, 1974) गानों के लिए उन्हें फिल्म फेयर अवार्ड भी दिया गया। महेंद्र कपूर को पदमश्री और लता मंगेशकर अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है।