
मुंबई। कई हिंदी फिल्मों में गीतों को अपनी आवाज देने वाले मशहूर पार्श्व गायक महेन्द्र कपूर नहीं रहे। शनिवार देर शाम मुंबई में उनका निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे। उनके बेटे रोहन कपूर ने बताया कि लंबे समय से हृदय संबंधी बीमारी से ग्रसित थे, जिस कारण उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता था।
उपकार, पूरब-पश्चिम, फकीरा, क्रांति, हमराज और गुमराह समेत कई सुपर हिट फिल्मों में गीतों को अपनी आवाज देने वाले महेन्द्र कपूर ने कई भजन और गैर फिल्मी गीत गाए, जो काफी लोकप्रिय हुए। 1968 में उन्हें उपकार फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। पंजाब के अमृतसर में जन्मे कपूर सबसे पहले 1950 के दशक में चर्चा में आए। उन्होंने उस वक्त ऑल इंडिया यूथ फेस्टिवल का खिताब जीता था।
मोहम्मद रफी के प्रसंशक रहे कपूर ने बॉलीवुड में पार्श्व संगीतकार के रूप में अपना करियर बनाने का सपना देखा था। फिल्म निर्माता बी. आर. चोपड़ा की मदद से बॉलीवुड में पैर जमाने वाले कपूर फिल्म धूल का फूल के गीत तेरे प्यार का आसरा से काफी चर्चित हुए। इस गीत को लिखा था साहिर लुधियानवी ने और धून दिया था दत्ता नारवेकर ने। कपून ने सबसे लोकप्रिय गीत मेरे देश की धरती सोना उगले.. को भी अपनी आवाज दी थी। उन्होंने चोपड़ा की टीवी धारावाहिक महाभारत का शीर्षक गीत भी गया था।